
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। सीएसईबी दर्री प्लांट में गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे बड़ा हादसा हो गया। अचानक स्टॉप-डैम फटने से भारी मात्रा में पानी प्लांट परिसर में घुस गया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। समय रहते सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए, जिसके कारण बड़ी जानहानि टल गई।
सूत्रों के अनुसार स्टॉप-डैम में पहले से दरार मौजूद थी, जिसके बारे में कर्मचारियों ने कई बार अधिकारियों को अवगत कराया था। लेकिन शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया। अफसरों की इसी लापरवाही का नतीजा आज सामने आया, जब बढ़ते दबाव ने बांधन तोड़ दिया और पूरा इलाका पानी से भर गया।
पानी घुसने से प्रोडक्शन पूरी तरह ठप हो गया है। मशीनरी को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। तकनीकी टीम नुकसान का आकलन कर रही है, जबकि प्लांट प्रबंधन ने घटना की आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल प्लांट में पानी निकालने का काम जारी है। प्रोडक्शन कब बहाल होगा, इसको लेकर अब तक कोई स्पष्ट समय निर्धारित नहीं किया गया है।






