कोरबा में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: 34 वाहन जब्त

Oplus_16908288

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

कोरबा। जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमार कार्रवाई कर कुल 34 वाहनों को जब्त किया।

लगातार मिल रही शिकायतों पर कार्रवाई

जिले में बढ़ते अवैध मिट्टी और रेत उत्खनन के मामलों को गंभीरता से लेते हुए यह अभियान चलाया गया। प्रशासन को लगातार अवैध परिवहन और भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई की गई।

 अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश

कार्रवाई के दौरान पोड़ी-उपरोड़ा में 5, कटघोरा में 8 ट्रैक्टर और 1 हाईवा, कोरबा क्षेत्र में 9 वाहन व 1 जेसीबी, पाली में 6 वाहन और भैसमा में 1 चैन-माउंट मशीन सहित 3 हाईवा जब्त किए गए।

इसके अलावा चिचोली में 7 ट्रैक्टर, बरबसपुर-बरीडीह से 2 ट्रैक्टर व 1 जेसीबी और पाली क्षेत्र में 5 ट्रैक्टरों पर भी कार्रवाई की गई।

 खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

जब्त किए गए सभी वाहनों पर खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।