
बिलासपुर। बिलासपुर के तिफरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अनव इंडस्ट्री की पेंट, टाइल्स और पुट्टी निर्माण फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री परिसर में रखे केमिकल में आग भड़कने के बाद लपटें तेजी से फैल गईं और कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं से भर गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने से आग पर काबू पाने में मशक्कत करनी पड़ी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग से हुए नुकसान का आकलन बाद में किया जाएगा। एहतियातन आसपास की फैक्ट्रियों में काम रोक दिया गया है।





