
सुशील जायसवाल
कौरबी-चोटिया। ग्राम स्तर पर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस चौकी कोरबी में क्षेत्र के सभी ग्राम कोटवारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांवों में सतर्कता बढ़ाने और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की समय पर जानकारी देने, असामाजिक तत्वों की पहचान करने तथा अपराध की पूर्व सूचना पुलिस तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कोटवारों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने गांवों में अजनबी व्यक्तियों की आवाजाही, चोरी, अवैध शराब, जुआ-सट्टा, नशाखोरी, घरेलू विवाद, भूमि विवाद समेत अन्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखें और तत्काल पुलिस चौकी को सूचित करें।
चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने कहा कि ग्राम कोटवार पुलिस और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सक्रिय भूमिका से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना संभव है। उन्होंने ग्रामवासियों से भी अपील की कि किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी निडर होकर पुलिस को दें।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि जनसहयोग से अपराध नियंत्रण को मजबूत करने के लिए इस तरह की बैठकों का आयोजन आगे भी नियमित रूप से किया जाएगा। बैठक में थाना स्टाफ और सभी ग्राम कोटवार मौजूद रहे।








