अवैध रेत खनन में नाबालिग की मौत, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर (रतनपुर), 10 अप्रैल। रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक नाबालिग की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल की देर रात करीब 3 बजे ग्राम गढ़वट स्थित खारंग नदी किनारे रेत परिवहन के दौरान 17 वर्षीय अमित कश्यप की मौत हो गई थी। प्रारंभिक तौर पर इसे ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने का हादसा बताया गया था, लेकिन मर्ग जांच में मामला पूरी तरह अलग निकला।

जांच में सामने आया कि आरोपी तोषण कश्यप (34 वर्ष) अवैध रूप से रेत खनन करा रहा था। अधिक मुनाफे के लालच में उसने नदी में 6-7 फीट गहरे खतरनाक गड्ढे में नाबालिग अमित कश्यप और एक अन्य युवक अमित यादव को उतारकर काम करवाया। इसी दौरान अचानक रेत और मिट्टी धंस गई, जिससे अमित कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने और मामले को दबाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली को दूसरी जगह ले जाकर पलट दिया और झूठी सड़क दुर्घटना की कहानी गढ़ी। हालांकि पुलिस की सूक्ष्म जांच में सच्चाई सामने आ गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और 238(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नरेश गर्ग एवं आरक्षक गोविंदा यादव की विशेष भूमिका रही।