
मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरहदा में हुई सनसनीखेज हत्या की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 2 फरवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे, खरवोरवा तालाब पार के पास जयपाल साहू ने अपने साथी हितेश उर्फ हरिओम कश्यप के साथ मिलकर अर्जुन साहू और कोमल साहू से मारपीट की। इसी दौरान हितेश उर्फ हरिओम ने बटनदार चाकू से अर्जुन साहू के पेट और हाथ की उंगली पर वार किया, जबकि कोमल साहू के पेट में गंभीर चोट पहुंचाई।
इलाज के दौरान युवक की मौत
घटना के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल मुंगेली में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान कोमल साहू की मृत्यु हो गई। सूचना पर थाना जरहागांव में मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 109, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
फॉरेंसिक जांच और अहम सबूत जब्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर हत्या में प्रयुक्त बटनदार चाकू, खून लगे कपड़े और मोबाइल फोन गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए। पूछताछ में आरोपियों ने बहन से बातचीत को लेकर शंका के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
हितेश उर्फ हरिओम कश्यप, पिता रामनिवास, उम्र 18 वर्ष 10 माह, निवासी बजरंगपारा, जरहागांव
जयपाल उर्फ कल्लू साहू, पिता रामेश्वर साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम फरहदा, थाना जरहागांव
पुलिस ने प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 भी जोड़ी है। दोनों आरोपियों को 4 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।






