
बीजापुर- उसूर विकासखंड का नम्बी गांव, जो कभी दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगलों के कारण विकास से वंचित था, अब जल जीवन मिशन की बदौलत शुद्ध पेयजल सुविधा से जुड़ गया है। गांव के 76 परिवारों को अब घर-घर नल कनेक्शन मिल चुका है।
लगभग ₹28 लाख की लागत से गांव में सौर ऊर्जा आधारित तीन नलकूप स्थापित किए गए और 5 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद नम्बी गांव को आधिकारिक तौर पर ‘हर घर जल’ का दर्जा प्रदान किया गया।
पिछले जुलाई में आयोजित हर घर जल उत्सव में ग्रामीणों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया। कार्यक्रम में सरपंच सुशीला काका, सचिव पांडा कावरे और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने प्रमाणित किया कि अब गांव में हर घर तक सुरक्षित व स्वच्छ पानी की आपूर्ति होगी।
ग्रामीण बताते हैं कि पहले उन्हें पानी के लिए मीलों दूर जाना पड़ता था। गर्मियों में कुएं और तालाब सूख जाने से जीवन बेहद कठिन हो जाता था। अब घर के नल से पानी उपलब्ध होने से न केवल दैनिक परेशानियां खत्म हुई हैं बल्कि बीमारियों का खतरा भी कम हो गया है।
योजना का संचालन अब ग्राम पंचायत को सौंपा गया है, जिससे यह सुविधा लंबे समय तक सुचारू रूप से जारी रह सके। ग्रामीणों का कहना है कि यह बदलाव सिर्फ पेयजल तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता और समग्र विकास की नई राह खोलता है।






