
मुंगेली // नगर पालिका क्षेत्र में गौरव पथ निर्माण की धीमी रफ्तार और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने सख्त रुख अपनाते हुए ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। निरीक्षण में पाया गया कि ठेकेदार ने समय-सीमा और अनुबंध शर्तों का पालन नहीं किया। अध्यक्ष ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि “गौरव पथ शहर की प्रतिष्ठा है, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जरूरत पड़ी तो अनुबंध रद्द किया जाएगा।”

निर्माण कार्य की रोजाना निगरानी के लिए नगर पालिका ने एक विशेष समिति का गठन भी कर दिया है। कार्रवाई के दौरान जिला कांग्रेस महामंत्री संजय यादव, पार्षद सूरज यादव और इंजीनियर नेमीचंद वर्मा मौजूद रहे।

इधर, नवागढ़ मोड़ पर प्रस्तावित भक्त माता कर्मा चौक के निर्माण को भी गति मिल गई है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के शिलान्यास के बाद नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने शनिवार को कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने ठेकेदार उत्कर्ष साहू को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि चौक नगर की पहचान है, इसलिए गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।
इस मौके पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिकजन और इंजीनियरिंग टीम उपस्थित रही। भक्त माता कर्मा चौक बनने से क्षेत्र को नया एवं आकर्षक स्वरूप मिलेगा।






