
कोरबा। महारत्न कंपनी एनटीपीसी कोरबा में कार्यरत ठेका श्रमिकों के सब्र का बांध बुधवार को टूट गया। सीटू (CITU) के नेतृत्व में हजारों मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर एनटीपीसी परिसर से कलेक्ट्रेट तक ‘पैदल मार्च’ निकालकर प्रबंधन और प्रशासन को अपनी ताकत दिखाई। के.सी. जैन मार्ग से शुरू हुई यह पदयात्रा दर्री बाजार, घंटाघर और कोसाबाड़ी होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जहां जमकर नारेबाजी की गई।
सीटू के प्रदेश अध्यक्ष कामरेड एस.एन. बैनर्जी ने एनटीपीसी प्रबंधन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि एक ओर एनटीपीसी देश को रोशन कर रहा है, वहीं दूसरी ओर इसके भीतर अंधेरा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार के मुंशी श्रमिकों के वेतन से हर महीने 250 से 350 रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं। विरोध करने पर गेट पास बंद करने की धमकी दी जाती है।
मजदूरों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो संयंत्र में कामकाज ठप कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।






