
खैरागढ़।
मोबाइल और इंटरनेट के सहारे ऑनलाइन सट्टा अब संगठित साइबर अपराध का रूप ले चुका है। खैरागढ़ जिले में उजागर हुए ‘शिवा बुक’ ऑनलाइन सट्टा एप ने दिखा दिया कि एक क्लिक से कैसे करोड़ों का अवैध कारोबार खड़ा किया जा रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया कि इस एप के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, कैसीनो गेम और लाइव मैचों पर देशभर में दांव लगवाए जा रहे थे। पहचान छुपाने के लिए आरोपी एप का नाम बदलकर ‘100 पैनल’ और ‘फेयर प्ले’ रखते रहे। सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जोड़कर फर्जी बैंक खातों में पैसे मंगाए जाते थे।
खैरागढ़ प्रकरण में 8 से 10 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन के सबूत मिले हैं। गुरुग्राम तक फैले नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि डिजिटल सट्टा अब भी कानून की पकड़ से बाहर नहीं है।
पुलिस का संदेश स्पष्ट है—ऑनलाइन सट्टा न सिर्फ अवैध है, बल्कि युवाओं और परिवारों के भविष्य के लिए घातक भी। अब हाईटेक अपराधियों पर सख्त शिकंजा तय है।







