
रायपुर। टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान राजधानी में संचालित हो रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 लाख रुपये नकद सहित कुल लगभग 19.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं धारा 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को 11 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि कबीर नगर थाना क्षेत्र के फेस-02 तिरंगा चौक के पास ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त टीम ने दबिश दी। रेड के दौरान कुछ लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक सचदेवा (30), गौरव सचदेवा (29), ऋषभ रंगलानी (30) और ओम खेमानी (30) शामिल हैं। सभी आरोपी रायपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
जांच में सामने आया कि आरोपी ramco777.com, wood777.com और powerexch.com जैसी ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइटों पर मास्टर आईडी बनाकर कमीशन के आधार पर अन्य लोगों को आईडी उपलब्ध कराते थे। वे सट्टा खेलने वालों को आईडी बेचकर अवैध लाभ अर्जित कर रहे थे। लेन-देन के लिए कथित “म्यूल खातों” का उपयोग किया जा रहा था, जो किराये पर लिए गए थे। पुलिस अब संबंधित खाताधारकों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 17 लाख रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन, 4 बैंक पासबुक, 1 चेकबुक तथा 27 एटीएम/क्रेडिट/डेबिट कार्ड जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 19.70 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।





