
नवरात्रि से पहले कार्रवाई की चेतावनी
एमसीबी/मनेंद्रगढ़। नगर पालिका क्षेत्र में खुलेआम पशु-पक्षी और मछली-मांस की बिक्री को लेकर नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। रेलवे फाटक, खेड़िया तिराहा और आमाखेरवा इलाके में दिनभर खुले में मांस बिकने से गंदगी फैल रही है और धार्मिक आस्था को ठेस पहुँच रही है।
समाजसेवी अशोक वैश्य ने इस गंभीर समस्या पर जिला प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि नवरात्रि से पहले कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खुले में मांस-मछली का विक्रय न केवल धार्मिक भावनाओं के विपरीत है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी खतरनाक है। दुर्गंध और गंदगी से माहौल असहनीय हो चुका है।
जनता की मांग है कि प्रशासन तुरंत सख्त कार्रवाई कर खुले में मांस विक्रय पर रोक लगाए और इसके लिए निर्धारित स्थान चिन्हित करे। लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि नवरात्रि से पहले कार्रवाई नहीं हुई तो जनआक्रोश सड़कों पर दिखाई देगा।






