उड़ता में विकास की बड़ी शुरुआत: 10 लाख की सीसी रोड का भूमि पूजन, ग्रामवासियों में खुशी की लहर
ज्ञान शंकर तिवारी की विशेष रिपोर्ट कोरबा। पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत उड़ता में आज विकास की नई दिशा को गति देने वाला ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला। सुरेश के घर से अवध राम के घर तक बनने वाली 10 लाख रुपए की सीसी रोड का भूमि पूजन पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि निकिता मुकेश जायसवाल और पाली जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि पूर्णिमा शोभा सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। वहीं ग्राम पंचायत के सरपंच मेला राम कंवर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। — गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर निकिता मुकेश जायसवाल ने कहा— “विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता हमारी प्रथम प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्य की निगरानी मैं स्वयं करूंगी।” पूर्णिमा शोभा सिंह ने कहा— “गांव की यह सड़क गांववासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। इसे सर्वोत्तम गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाएगा। गांववासियों के सुझाव और सहयोग को हम हमेशा प्राथमिकता देंगे।” — सरपंच का जनसंपर्क और भरोसा सरपंच मेला राम कंवर ने ग्रामीणों से खुलकर संवाद किया, उनकी समस्याएँ सुनीं और आश्वासन दिया कि हर विकास कार्य में ग्रामीणों की सहभागिता ही उनकी ताकत है। उनका सहज व्यवहार गांव में पंचायत–जनता के बीच भरोसे को मजबूत करता है। — गांव में उत्साह का माहौल भूमि पूजन कार्यक्रम में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चों सहित गांव के सभी वर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ग्रामीणों ने इसे गांव की प्रगति की दिशा में “मजबूत कदम” बताते हुए खुशी जाहिर की। — विशेष योगदान इस सफल आयोजन में धनीराम पटेल, रामजी पटेल, बेदराम परेल, सुकुलदास कारवार और संतकुमार पटेल का विशेष योगदान रहा। इनके सहयोग से कार्यक्रम और भी सुचारु व प्रभावशाली बन सका। — समुदायिक एकता की मिसाल यह भूमि पूजन केवल सड़क निर्माण की शुरुआत भर नहीं है, बल्कि गांव में समुदायिक एकता, साझेदारी और जनभागीदारी का प्रतीक बन गया है। पूरे गांव में इस विकास कार्य को लेकर नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है।
छत्तीसगढ़ की बेटी संजूदेवी यादव ने किया अंतर्राष्ट्रीय मंच पर परचम—ग्राम केराकछार में खुशी की लहर
ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट छत्तीसगढ़ के जिला कोरबा, ब्लाक पाली के ग्राम पंचायत केराकछार (चैतमा) की गौरवशाली बेटी संजूदेवी यादव ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर एक नया इतिहास रच दिया है। उनके इस अद्भुत उपलब्धि पर ग्रामवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। एक छोटे से गाँव से निकलकर कबड्डी खेल के माध्यम से संजूदेवी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और अदम्य आत्मविश्वास के दम पर आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकते हुए भारत को शीर्ष स्थान दिलाया है। संजूदेवी यादव : ग्रामीण परिवेश की बेटी से अंतरराष्ट्रीय स्टार तक का सफर ग्राम केराकछार, जो ब्लाक पाली से लगभग 6 किमी दूर तिवरता रोड पर स्थित है, वहीं से संजूदेवी यादव की शुरुआत हुई। पिता रामजी यादव, जो पुट्टी-पेंट का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, और माता अम्बरिका बाई यादव, जो एक गृहिणी हैं—दोनों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी बेटी के सपनों को कभी टूटने नहीं दिया। संजूदेवी ने अपनी प्राथमिक शिक्षा गांव में पूरी की और उच्च शिक्षा कटघोरा के गवर्नमेंट कॉलेज से प्राप्त की। साथ ही उन्होंने आईटीआई की पढ़ाई भी की। कबड्डी का सफर—गाँव से एशिया तक संजूदेवी ने साल 2016 में कबड्डी खेलना शुरू किया। उनके खेल में निरंतर सुधार और लगन को देखते हुए बहतराई खेल अकादमी, बिलासपुर में उन्हें प्रशिक्षण का अवसर मिला। यहीं से उनकी प्रतिभा निखरी और वे प्रदेश स्तर से सीधे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुईं। एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक तेहरान, ईरान में आयोजित एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में संजूदेवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज वे कबड्डी वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली छत्तीसगढ़ की पहली महिला खिलाड़ी बनकर पूरे प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा रही हैं। उनकी सफलता के पीछे उनके कोच, बहतराई खेल अकादमी तथा जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारियों का भी विशेष योगदान रहा है। — गाँव का गौरव—प्रदेश का मान—देश की पहचान संजूदेवी यादव की इस उपलब्धि ने न केवल ग्राम केराकछार, ब्लाक पाली और जिला कोरबा का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गर्व से भर दिया है। ग्रामवासियों ने कहा कि संजूदेवी ने साबित कर दिया कि प्रतिभा अवसर पाकर किसी भी छोटे गाँव से निकलकर दुनिया में अपनी पहचान बना सकती है। ग्रामवासियों की ओर से संजूदेवी यादव को ढेरों बधाइयाँ और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ।
अररिया में फर्जी दरोगा का भंडाफोड़, तीन साल से वर्दी की आड़ में चला रहा था ठगी का खेल
✍️ भागीरथी यादव अररिया में पुलिस ने एक बड़े ठग syndicate का पर्दाफाश किया है। शहर के समाहरणालय परिसर से सोमवार को एक युवक पुलिस अवर निरीक्षक की वर्दी पहनकर घूमता मिला, जिसे नगर थाना पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया। गिरफ्तार युवक रणवीर कुमार पिछले तीन वर्षों से नकली दरोगा बनकर लोगों को डराता-धमकाता था और उनसे पैसे वसूलता था। वह अपनी पत्नी के साथ फारबिसगंज बाजार स्थित किराए के मकान में रह रहा था और खुद को 2018 बैच का पुलिस अधिकारी बताता था। सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति दारोगा की वर्दी में समाहरणालय परिसर के आसपास मंडरा रहा है। इस पर नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान निर्वाचन कार्यालय के पास पुलिस ने उसे बाइक सहित रोका। तलाशी में उसके पास से नकली पिस्तौल और पुलिस जैसी वर्दी मिली। पूछताछ में जब उससे वरीय अधिकारियों के नाम और विभागीय सवाल पूछे गए, तो वह घबरा गया और बयान बदलने लगा। कड़ी पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसका वास्तविक नाम रणवीर कुमार, पिता अर्जुन पासवान है और वह पूरी तरह से फर्जी पुलिसकर्मी है। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उसने किन-किन लोगों को ठगा और क्या इस गिरोह में अन्य लोगों की भी भूमिका रही है। इस गिरफ्तारी ने अररिया जिले में सनसनी फैला दी है, लेकिन साथ ही आम लोगों ने राहत भी महसूस की है कि एक बड़ा ठग अब कानून की गिरफ्त में है।
आज का राशिफल (26 नवंबर 2025 )
✍️ भागीरथी यादव आज का दिन ग्रहों की चाल के अनुसार सभी राशियों के लिए कुछ खास संदेश लेकर आया है। आइए जानते हैं, आपकी राशि के सितारे क्या संकेत दे रहे हैं। — ♈ मेष (Aries) आज कामकाज में तेजी बनी रहेगी। किसी पुराने विवाद का समाधान मिलेगा। परिवार में सम्मान बढ़ेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। ♉ वृषभ (Taurus) निवेश के लिए अनुकूल समय है। किसी मित्र से लाभ हो सकता है। मानसिक शांति बनी रहेगी। यात्रा के योग भी बन रहे हैं। ♊ मिथुन (Gemini) सावधानी से निर्णय लेने का दिन। कार्यस्थल पर दबाव बढ़ सकता है लेकिन आपकी बुद्धिमानी से सब हल होगा। खर्च बढ़ेंगे। ♋ कर्क (Cancer) परिवार में खुशहाली का माहौल रहेगा। नौकरी में तरक्की के संकेत मिल सकते हैं। प्रेम संबंध मजबूत होंगे। ♌ सिंह (Leo) आज सम्मान और प्रतिष्ठा बढ़ने के योग हैं। नए काम की शुरुआत सफल हो सकती है। स्वास्थ्य में सुधार होगा। ♍ कन्या (Virgo) किसी महत्वपूर्ण मामले में सफलता मिलेगी। छात्र वर्ग के लिए दिन बेहद शुभ है। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। ♎ तुला (Libra) भावनाओं में बहकर कोई निर्णय न लें। वैवाहिक जीवन में मधुरता आएगी। कारोबार में लाभ मिलेगा। ♏ वृश्चिक (Scorpio) आज का दिन चुनौतीपूर्ण हो सकता है। अनावश्यक वाद-विवाद से दूर रहें। सोच-समझकर कदम बढ़ाएं। धन लाभ की संभावना है। ♐ धनु (Sagittarius) यात्रा फलदायी होगी। नई जिम्मेदारियों का निर्वाह सफलतापूर्वक करेंगे। परिवार में सहयोग मिलेगा। ♑ मकर (Capricorn) आज का दिन आर्थिक रूप से शुभ है। जमीन-जायदाद से जुड़ा कोई बड़ा लाभ हो सकता है। ऑफिस में आपकी प्रशंसा होगी। ♒ कुंभ (Aquarius) रुका हुआ काम अचानक पूरा हो सकता है। नए अवसर मिलेंगे। रिश्तों में मजबूती आएगी। सेहत का ध्यान रखें। ♓ मीन (Pisces) किसी शुभ समाचार की प्राप्ति होगी। धार्मिक कार्य में रुचि बढ़ेगी। प्रेम संबंध में मधुरता रहेगी। खर्च में कटौती करें।
ममता बनर्जी का चुनाव आयोग और BJP पर सबसे तीखा हमला; बोलीं– “मुझे छू भी लिया, तो पूरे देश में हिला दूंगी BJP की नींव”
✍️ भागीरथी यादव कोलकाता/बोनगांव। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को बोनगांव में आयोजित विशाल रैली से केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सबसे बड़ा राजनीतिक वार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब निष्पक्ष संस्था नहीं, बल्कि ‘BJP कमीशन’ बन चुका है। SIR प्रक्रिया को बताया ‘आपदा’ ममता बनर्जी ने कहा कि SIR प्रक्रिया के बहाने मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गलत तरीके से बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा— “अगर बंगाल में मुझे कमजोर करने की कोशिश की गई, अगर मुझे चोट पहुंचाई गई, तो मैं पूरे भारत में BJP की नींव हिला दूंगी।” मुख्यमंत्री ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर हाल ही में जारी दो चुनाव निर्देशों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की और कहा कि आयोग के फैसले एक राजनीतिक दल के हित में उठाए जा रहे हैं। “SIR लागू होते ही समझ आएगा, यह BJP-निर्मित आपदा है” ममता ने दावा किया कि मतदाता सूची में संशोधन के नाम पर लाखों लोगों को नागरिकता के आधार पर गलत तरीके से ‘इनवैलिड’ घोषित किया जा रहा है। उन्होंने कहा— “नरेंद्र मोदी जिस 2024 की मतदाता सूची पर चुने गए, अगर आज वह अमान्य है, तो उनका चुनाव भी इनवैलिड होना चाहिए।” उन्होंने जनता से अपील की— “डरने की जरूरत नहीं। जब तक मैं हूं, कोई तुम्हें हटाने की हिम्मत नहीं करेगा।” “BJP पैसा खर्च कर ले, लोग पैसे लेंगे लेकिन वोट नहीं देंगे” ममता ने कहा कि भाजपा उनका राजनीतिक मुकाबला नहीं कर सकती, इसलिए एजेंसियों और प्रशासनिक हस्तक्षेप का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा— “मेरे रास्ते रोकोगे तो मैं अपना रास्ता खुद बना लूंगी। मैंने सिंगूर के किसानों के लिए 26 दिन अनशन किया था, मैं पीछे हटने वालों में से नहीं हूं।” बिहार का उदाहरण देकर BJP पर तंज ममता ने दावा किया कि बिहार में चुनाव परिणाम SIR प्रक्रिया से प्रभावित थे और विपक्ष वहां भाजपा की चाल समझ नहीं पाया। वह बोलीं— “अगर SIR दो-तीन साल में किया जाए तो सरकार सहयोग देगी, लेकिन चुनाव से ठीक पहले इसका उद्देश्य साफ है।” BJP का पलटवार राज्य BJP अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने ममता के आरोपों को राजनीतिक शोर बताते हुए कहा— “SIR राष्ट्रीय प्रक्रिया है, यह 12 राज्यों में चल रहा है। पूरा भारत इसका पालन कर रहा है, पर ममता बनर्जी क्यों परेशान हैं?” उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में एक महिला का नाम 8 अलग-अलग जगहों पर वोटर लिस्ट में पाया गया, इसलिए सुधार आवश्यक है।
पटना में प्रॉपर्टी विवाद से उपजा खून-खराबा: कारोबारी की गोली मारकर हत्या, भीड़ ने दो हमलावरों को पीट-पीटकर मार डाला
✍️ भागीरथी यादव पटना में सोमवार को जमीन के विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। भूपतिपुर निवासी 65 वर्षीय कारोबारी अशरफी सिंह की बाइक पर आए दो अपराधियों ने करीब से गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ छह गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में लगभग 20 करोड़ रुपये के बड़े प्रॉपर्टी विवाद का मामला सामने आया है, जिसे इस सनसनीखेज हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटनास्थल पर पुलिस को 10 से अधिक खोखे मिले हैं, जो वारदात की भयावहता और अपराधियों की अंधाधुंध फायरिंग की पुष्टि करते हैं। गोलियों की आवाज और अफरातफरी के बीच जब दोनों हमलावर भागने लगे, तो स्थानीय लोग उन्हें पकड़ने में सफल रहे। गुस्साई भीड़ ने दोनों को घेरकर बेरहमी से पीटा, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। इस तरह एक ही घटनाक्रम में तीन लोगों की मौत हो गई—एक कारोबारी और दो हमलावर। मामले की जानकारी मिलते ही सदर डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दायरे में न केवल जमीन विवाद, बल्कि अपराधियों की पहचान, उनका नेटवर्क और किसी बड़े गिरोह की संलिप्तता भी शामिल है। यह घटना दिखाती है कि पटना में जमीन को लेकर विवाद किस तरह हिंसक मोड़ ले सकते हैं, और कैसे आपराधिक वारदात के बाद भीड़ का आक्रोश कानून हाथ में लेने तक पहुँच जाता है।
बिहार राजनीति में बड़ा झटका: राबड़ी आवास खाली करने का आदेश
✍️ भागीरथी यादव बिहार की राजनीति में हलचल तेज है। नई सरकार ने लालू प्रसाद यादव के परिवार को राबड़ी आवास खाली करने का आदेश जारी कर दिया है। 2006 से लालू परिवार के पास रहे इस सरकारी आवास को अब नये सिरे से आवंटित किया गया है। जारी अधिसूचना के अनुसार, बिहार विधान परिषद् के नेता प्रतिपक्ष के लिए अब हार्डिंग रोड स्थित आवास संख्या–39 को चिह्नित किया गया है। इस फैसले से लालू परिवार को वर्षों पुराना राबड़ी आवास छोड़ना होगा, जिसे परिवार की राजनीतिक पहचान का अहम हिस्सा माना जाता रहा है। यह आदेश बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
वन विभाग की कार्रवाई पर फैलाई गई अफवाहों का खुलासा, अवैध निर्माण पर हुई कार्रवाई सही साबित
मनेन्द्रगढ़/ खड़गवां वन विभाग द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद लगाए जा रहे आरोपों पर बड़ा खुलासा हुआ है। मीडिया टीम और स्थानीय लोगों की पड़ताल में सामने आया कि जिन्हें “बेघर आदिवासी” बताया जा रहा था, उनके पास पहले से ही अन्य पंचायतों में घर और जमीन मौजूद है। वन विभाग ने राजेन्द्र प्रधान, सुलेमान और रामप्रसाद के अवैध निर्माण तोड़े थे। विभाग ने तीन-तीन बार नोटिस जारी किए थे, जिसकी रिसीविंग भी मौजूद है। बिना नोटिस कार्रवाई के आरोप पूरी तरह झूठे पाए गए। सोशल मीडिया पर जिस करीमन के “पट्टे के घर” को तोड़ने की बात फैलाई गई, वह भी गलत निकली। पट्टे की जमीन पर कोई निर्माण था ही नहीं। सुशीला नाम की महिला ने बताया कि करीमन ने उन्हें वन भूमि पर घर बनाने के लिए जगह दी थी, जबकि वह जगह वन विभाग की है। स्थानीय निवासियों और रतनपुर पंचायत के सरपंच ने भी साफ किया कि जिन लोगों के ढांचे तोड़े गए वे रतनपुर के मूल निवासी नहीं हैं, न ही उनके नाम पंचायत में पीएम आवास स्वीकृत है। बल्कि एक अवैध रूप से दूसरे गांव के नाम पर स्वीकृत पीएम आवास को रतनपुर में बनाकर बेचा जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि इनमें से एक व्यक्ति कई जगह अवैध मकान बनाकर बेचने के धंधे में लगा है। विभाग का कहना है कि बार-बार चेतावनी के बाद भी अवैध कब्जा नहीं हटाया गया, इसलिए कार्रवाई अनिवार्य थी। कई और स्थानों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। कुल मिलाकर—अवैध निर्माण को राजनीतिक रंग देने की कोशिश बेनकाब हुई, और वन विभाग की कार्रवाई पूरी तरह वैध व नोटिस प्रक्रिया के बाद की गई साबित हुई।
महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन दिवस पर मनेन्द्रगढ़ में जागरूकता रैली, गूंजा— “हिंसा मुक्त समाज” का संकल्प
✍️ भागीरथी यादव मनेन्द्रगढ़/ अंतर्राष्ट्रीय महिलाओं पर हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मंगलवार को एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। मिशन शक्ति हब, मिशन वात्सल्य और सखी वन स्टॉप सेंटर के संयुक्त प्रयास से निकली इस रैली में बड़ी संख्या में छात्राएँ और महिला समूह शामिल हुए। जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर के निर्देश पर आयोजित इस रैली में प्रतिभागियों ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए जागरूकता फैलाई। ‘‘16 दिवसीय सक्रिय अभियान’’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बाल विवाह, घरेलू हिंसा, पॉक्सो एक्ट, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न और महिलाओं से जुड़े कानूनों की जानकारी भी दी गई। रैली में छात्राओं ने पोस्टर और नारे लगाकर ‘‘हिंसा मुक्त समाज’’ का संदेश पूरे शहर में गूंजाया। शहर की सड़कों पर दिखी यह एकजुटता इस बात का प्रमाण रही कि मनेन्द्रगढ़ का समाज महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाने को संकल्पित है।
राजारघुराज सिंह स्टेडियम खोलने की मांग तेज – भर्ती तैयारी कर रहे हजारों युवाओं ने उठाई आवाज
बिलासपुर में पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं ने राजारघुराज सिंह स्टेडियम को तुरंत खोलने की जोरदार मांग उठाई है। युवाओं का कहना है कि स्टेडियम पिछले 13 महीनों से बंद है, जबकि मरम्मत के नाम पर इसे केवल एक माह के लिए बंद किया गया था। लंबे समय से बंद मैदान के कारण उनकी तैयारी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। युवाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ग्राउंड भी अधिकतर समय बुक रहता है, जिससे उन्हें सुबह 4 बजे पहुँचने के बावजूद अभ्यास का स्थान नहीं मिलता। सड़क पर दौड़ने से दुर्घटना का खतरा और चोटों का जोखिम बढ़ गया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले इन युवाओं ने कहा कि निजी जिम या फिटनेस क्लब का खर्च उठाना संभव नहीं है। अभ्यर्थियों ने प्रशासन को सौंपे जाने वाले ज्ञापन में चार प्रमुख मांगें रखी हैं— 1. स्टेडियम को सुबह-शाम नियमित अभ्यास के लिए खोला जाए। 2. दौड़ ट्रैक, जंप पिट और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। 3. भर्ती अभ्यर्थियों के लिए अलग सुरक्षित स्लॉट निर्धारित किया जाए। 4. यदि मरम्मत कार्य बाकी है तो उसकी स्पष्ट तिथि सार्वजनिक की जाए। युवाओं ने कहा कि यह सिर्फ आवेदन नहीं, बल्कि उनके भविष्य की पुकार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्या गंभीरता से सुनेगा और स्टेडियम जल्द खोलकर युवाओं के सपनों को नई ताकत देगा।
















