धान उपार्जन केंद्र भिलाई बाज़ार में धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ

पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की विशेष रिपोर्ट   भिलाई बाज़ार सहकारी समिति के धान उपार्जन केंद्र में आज पारंपरिक विधि-विधान के साथ धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र क्रमांक 06 विनोद यादव ने माँ अन्नपूर्णा देवी की पूजा-अर्चना कर एवं श्रीफल तोड़कर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की। इसके बाद किसानों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।   कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों व संगठन पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर, महामंत्री हेमंत तिवारी, प्रताप कंवर, उपाध्यक्ष रथलाल पाटले, हुलेश राठौर, सम्मेलाल पाटले, मणिशंकर पाटले, देवेंद्र राजपूत, राजकुमार नामदेव, जिला कार्यसमिति सदस्य एवं विधायक प्रतिनिधि कृष्णानंद राठौर, भाजपा नेता दिलखुश आदिले, शैलेन्द्र राठौर, तेरस यादव उपस्थित रहे। केंद्र संचालन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे, जिनमें शाखा प्रबंधक सरिता पाठक, प्रवेशक जमाल खान, समिति प्रबंधक सरोजलता कुंभकार, ऑपरेटर ओमकार राठौर एवं केंद्र प्रभारी सतीश मिरि शामिल थे।   किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और समिति द्वारा आवश्यक संसाधनों एवं सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और किसानों में नए सीजन की खरीदी को लेकर उत्साह देखने को मिला।

रोहतास में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने पत्नी और पिता की ली जान, फिर खुद को मारी गोली

  बिहार के रोहतास जिले में मंगलवार सुबह एक ऐसा खौफनाक दृश्य सामने आया जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। दिनारा भानस थाना क्षेत्र के डिहरा गांव में एक ही घर से तीन लोगों की गोली लगी लाशें बरामद हुईं। घटना ने पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना दिया।   कैसे हुआ पूरा हादसा?   पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अमित सिंह, उसकी पत्नी नीतू देवी और पिता शालिग्राम सिंह के रूप में हुई है। रविवार देर रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच घटना को अंजाम दिया गया।   गांववालों के मुताबिक अचानक घर के ऊपरी मंज़िल से गोली चलने की आवाज आई। लोग जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि अमित सिंह हाथ में बंदूक लिए घर से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी। पिता शालिग्राम ने बेटे को रोकने की कोशिश की, लेकिन अमित ने उन पर भी फायरिंग कर दी। दोनों को मौके पर ही मौत हो गई।   इसके बाद अमित ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। तीनों के सिर में गोली के निशान पाए गए हैं।   मानसिक स्थिति खराब थी आरोपी की – बड़ा भाई   पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि अमित बीते कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। उसके बड़े भाई राजेश सिंह ने भी पुलिस को बताया कि अमित की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी और वह कई दिनों से परेशान चल रहा था।   पुलिस और एफएसएल की टीम कर रही जांच   घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) को भी बुलाया गया है जो घटना स्थल से सबूत जुटा रही है।   गांव में मातम और दहशत   एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है। लोग इस घटना को बरसों तक न भूल पाने वाली त्रासदी के रूप में देख रहे हैं।

सोने में हल्की बढ़त, चांदी 2,500 रुपए से अधिक उछली; वायदा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट

✍️ भागीरथी यादव   सोमवार को सोने की कीमतें सीमित दायरे में कारोबार करती रहीं, जिसके चलते इसमें मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं चांदी के दामों में तेज उछाल देखने को मिला और कीमत प्रति किलो 2,500 रुपए से अधिक बढ़ गई।   इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, 24 कैरेट सोना 162 रुपए महंगा होकर 1,23,308 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। 22 कैरेट सोना बढ़कर 1,12,950 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गया, जबकि 18 कैरेट सोना 92,481 रुपए प्रति 10 ग्राम पर दर्ज किया गया।   इसके मुकाबले चांदी का रुख अधिक आक्रामक रहा। चांदी 2,521 रुपए की बढ़त के साथ 1,53,650 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई, जो पहले 1,51,129 रुपए प्रति किलो थी।   आईबीजेए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सोना-चांदी की दरें दिन में दो बार—सुबह और शाम—अपडेट करता है।   हालाँकि हाजिर बाजार में बढ़त रही, लेकिन वायदा बाजार में दबाव देखा गया। एमसीएक्स पर दिसंबर 2025 के सोने का कॉन्ट्रैक्ट 0.69% गिरकर 1,23,337 रुपए पर आ गया, जबकि चांदी का कॉन्ट्रैक्ट 0.45% फिसलकर 1,53,460 रुपए पर बंद हुआ।   अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी देखने को मिली, जहाँ सोना 0.29% की गिरावट के साथ 4,104 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.37% घटकर 49.73 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड हुई।   विशेषज्ञों का मानना है कि हाल की वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है, लेकिन मौजूदा सीमित दायरे में कारोबार बाज़ार में स्थिरता की ओर संकेत कर रहा है।

राम मंदिर शिखर पर धर्म ध्वज का प्रतिष्ठापन, संत समाज ने इसे सनातन आस्था का ऐतिहासिक क्षण बताया

✍️ भागीरथी यादव   अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर आज धर्म ध्वज का प्रतिष्ठापन संत समाज के लिए भावपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण बन गया। 500 वर्षों की प्रतीक्षा और संघर्ष के बाद यह आरोहण सनातन परंपरा की विश्वव्यापी प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जा रहा है।   संत समाज ने इसे सनातन गौरव का महाअवसर बताते हुए कहा कि उनके पूर्वजों की सदियों पुरानी कल्पना आज साकार हुई है। उनका मानना है कि धर्म ध्वज न केवल भारत की आध्यात्मिक विरासत को सुदृढ़ करता है बल्कि वैश्विक स्तर पर सनातन आस्था की महिमा को और प्रखर बनाता है।   साधु-संतों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भूमिका को इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मंदिर संस्कृति और धार्मिक विरासत के संरक्षण के प्रयासों से देश की आध्यात्मिक चेतना सशक्त हो रही है।   विवाह पंचमी पर आयोजित इस विशेष समारोह में संतों द्वारा श्रीराम–जानकी विवाह पर्व का पूजन-अर्चन भी किया गया। संत समाज का विश्वास है कि यह क्षण सनातन संस्कृति के आत्मगौरव और राष्ट्र की आध्यात्मिक दिशा को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।  

धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण: मंत्री राजेश अग्रवाल ने सुनी किसानों की समस्याएँ, पारदर्शी व तेज खरीदी प्रक्रिया के निर्देश

✍️ भागीरथी यादव   पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड के डांडगांव धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर उपार्जन व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई के संकेत दिए।   किसानों ने मंत्री से बातचीत में बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित प्रति क्विंटल 3100 रुपये की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की व्यवस्था से हजारों किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिला है। वहीं, ‘टोकन तुंहर हाथ’ ऐप ने खरीदी केंद्रों की पारंपरिक भीड़ और लंबी इंतजार की परेशानी को खत्म कर दिया है। किसान अब घर बैठे आसानी से टोकन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया सुगम और समयबद्ध हो गई है। किसानों ने इस डिजिटल पहल और सुदृढ़ व्यवस्था के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।   निरीक्षण के दौरान मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर किसान को उसकी मेहनत का पूरा और समय पर मूल्य मिले, जिसके लिए तकनीक और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जा रही है।   उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि खरीदी केंद्रों पर गुणवत्ता परीक्षण से लेकर तौल और भुगतान तक प्रत्येक चरण व्यवस्थित, ईमानदार और किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संचालित हो।

प्रदेश में बढ़ती सर्दी पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, शीतलहर से बचाव के लिए जारी किए निर्देश

✍️ भागीरथी यादव   प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर की तीव्रता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और अत्यधिक ठंड के दौरान यात्रा से परहेज़ करें।   अधिकारियों ने बताया कि गर्म कपड़ों का उपयोग, शरीर को गर्म रखने वाले तरल पदार्थों का सेवन और ठंड से बचाव ही शीतलहर के प्रभाव को कम कर सकता है। यदि किसी व्यक्ति में अत्यधिक कंपकंपी, उंगलियों का पीलापन/सफेदपन या सुन्नता जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत चिकित्सकीय मदद लेनी चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि वे तापमान में गिरावट से अधिक प्रभावित होते हैं।   स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि बंद कमरे में कोयला जलाकर आग सेंकना जानलेवा साबित हो सकता है। इससे निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस शरीर में जाकर गंभीर विषाक्तता पैदा कर सकती है। विभाग ने नागरिकों से ऐसी खतरनाक प्रथाओं से बचने की अपील की है।   हाइपोथर्मिया के मामलों को लेकर भी चेताया गया है। शरीर का तापमान अत्यधिक गिरने, बोलने में कठिनाई, लगातार कंपकंपी, सांस भारी होना, मांसपेशियों में जकड़न जैसे लक्षण दिखने पर व्यक्ति को तुरंत गर्म स्थान पर ले जाकर कंबल में लपेटना चाहिए और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए। गंभीर स्थिति में हाइपोथर्मिया अचेतन अवस्था तक ले जा सकता है।   जिला स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम के अनुरूप वस्त्र पहनें, सतर्क रहें और किसी भी स्वास्थ्य समस्या को हल्के में न लें। समय पर उपचार से बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

जशपुर: छात्रावास में कक्षा 9वीं की छात्रा की आत्महत्या—कलेक्टर ने गठित की दण्डाधिकारी जांच समिति, 7 दिनों में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

  ✍️ भागीरथी यादव   जशपुर जिले के विकासखण्ड बगीचा अंतर्गत भीतघरा (ग्राम गवासी) छात्रावास में 23 नवंबर 2025 को कक्षा 9वीं की एक छात्रा द्वारा स्टडी रूम में आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना को जिला प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। घटना की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने दण्डाधिकारी जांच हेतु एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। समिति को 7 दिवस के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।   गठित समिति में होंगे ये सदस्य   समिति की अध्यक्षता बगीचा के अनुविभागीय दण्डाधिकारी करेंगे। इसके अलावा इसमें—   विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, बगीचा   मण्डल संयोजक, बगीचा   परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास, दुलदुला   सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। साथ ही, श्रीमती रमावती सिंह, संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत), आईसीपीएस जशपुर श्री चैतन राम यादव, परामर्शदाता, आईसीपीएस जशपुर को भी समिति में शामिल किया गया है, ताकि सामाजिक व मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी जांच की जा सके। इन प्रमुख बिंदुओं पर होगी जांच समिति को निम्न विषयों पर विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं— छात्रा की मृत्यु के वास्तविक कारणों का परीक्षण छात्रावास में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति, संभावित चूक अथवा लापरवाही की पहचान घटना किन परिस्थितियों में घटी, इसका तथ्यात्मक विश्लेषण आवश्यकता होने पर अन्य संबंधित बिंदु भी जांच में शामिल करने की स्वतंत्रता भविष्य के लिए छात्रावासों में सुरक्षा व सुधार के सुझाव कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस घटना में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।  

कोरबा में बड़ी कार्रवाई: 90 क्विंटल अवैध धान जब्त, कई व्यापारियों पर कसा जिला प्रशासन का शिकंजा

✍️ भागीरथी यादव कोरबा –  जिले में अवैध धान भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज हो गई है। आज कटघोरा, छिर्रा और कटघोरा की पुरानी बस्ती क्षेत्र में गठित संयुक्त दल द्वारा विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों और गोदामों पर छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 90 क्विंटल अवैध रूप से संग्रहित धान जब्त किया गया।   कई व्यापारियों के गोदाम से मिला अवैध धान   जाँच टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी में निम्न मात्रा में धान जब्त किया—   16.80 क्विंटल – व्यापारी दिलीप कुमार अग्रवाल (कटघोरा)   11.20 क्विंटल – दुर्गा प्रसाद अग्रवाल (कटघोरा)   16 क्विंटल – भागवत प्रसाद जायसवाल (छिर्रा)   46 क्विंटल – यतीश जायसवाल (पुरानी बस्ती, कटघोरा)     इस प्रकार कुल 90 क्विंटल धान गैर-कानूनी भंडारण की श्रेणी में पाए जाने पर तत्काल जब्त कर लिया गया।   समर्थन मूल्य को पारदर्शी रखने प्रशासन सख्त   जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अवैध परिवहन या बेनामी भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने बताया कि— “किसानों के हितों की रक्षा और खरीद प्रणाली को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”   अवैध धान कारोबार पर लगातार बढ़ती निगरानी से प्रशासनिक सख्ती का साफ संदेश मिल रहा है कि धान खरीदी के मौसम में किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई होगी।  

किसानों की शिकायत पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की त्वरित कार्रवाई — मौके पर ही पटवारी निलंबित, कहा– “किसानों के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं”

✍️ भागीरथी यादव   सहसपुर लोहारा, अपने सहसपुर लोहारा प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा ने एक बार फिर किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साबित किया। तहसील कार्यालय पहुंचते समय किसानों की भीड़ देखकर उन्होंने तुरंत अपने काफिले को रुकवाया और जमीन पर बैठकर किसानों की समस्याएँ सुनीं। किसानों ने हल्का नंबर 15 ग्राम कुरूवा के पटवारी राजेश शर्मा पर राजस्व कार्यों में जानबूझकर देरी और टालमटोल का आरोप लगाया।   किसान शिकायत पर तुरंत एक्शन – पटवारी निलंबित   किसानों की बात सुनते ही उपमुख्यमंत्री शर्मा ने मौके पर ही पटवारी राजेश शर्मा को निलंबित करने का आदेश जारी किया। अधिकारियों ने तुरंत निर्देश का पालन करते हुए वहीं पर निलंबन आदेश जारी कर दिया।   नियमों के अनुसार पटवारी को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियम 1966 के नियम 9(1) के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय सहसपुर लोहारा (निर्वाचन शाखा) रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।   “किसान सर्वोच्च प्राथमिकता—लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई”   उपमुख्यमंत्री शर्मा ने धान खरीदी और अन्य राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा— “किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता किसान हैं। किसी भी प्रकार की देरी, लापरवाही या टालमटोल बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”   उन्होंने मौके पर उपस्थित सभी पटवारियों से कार्यों की प्रगति पूछी और कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि सभी राजस्व सेवाएँ समय पर, पारदर्शिता के साथ और किसान हित में प्रदान की जाएं।   साथ ही एसडीएम और तहसीलदार को पूरे क्षेत्र की सतत मॉनिटरिंग करने और किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।   उपमुख्यमंत्री की यह त्वरित कार्रवाई किसानों के बीच संतोष और विश्वास का कारण बनी, वहीं प्रशासनिक अमले के लिए स्पष्ट संदेश कि किसान हित में बाधा पहुंचाने वाली किसी भी लापरवाही पर तत्काल और कठोर कार्रवाई होगी।

भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की संस्कृति की भव्य प्रस्तुति, 44वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में गूँजा—“छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया

✍️ भागीरथी यादव   नई दिल्ली, 24 नवम्बर 2025   राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आज छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं ने अद्भुत आभा बिखेरी। 44वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित छत्तीसगढ़ की विशेष सांस्कृतिक संध्या दर्शकों के लिए मंत्रमुग्ध कर देने वाली रही। लोक कलाकारों की पारंपरिक नृत्य-शैली, लोकगीत और सांस्कृतिक विविधता से भरी प्रस्तुतियों ने पूरा सभागार उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।   मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ   कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इससे पूर्व उन्होंने छत्तीसगढ़ पवेलियन का निरीक्षण किया तथा हस्तशिल्प, कला-कृतियों और स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों में प्रदर्शित नवाचारों और परंपरागत कला का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कलाकारों और उद्यमियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के संवाहक बताया।   अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा— “दिल्ली में जब ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ की गूँज उठती है तो हर छत्तीसगढ़वासी गर्व से भर जाता है।”   उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में रायपुर में देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय के लोकार्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कदम छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने वाला ऐतिहासिक अवसर है। मुख्यमंत्री ने राज्य की मिलेट्स परंपरा, जनजातीय कला, हस्तशिल्प और लोक-नृत्यों को छत्तीसगढ़ की असीम संभावनाओं का प्रतीक बताया। उन्होंने देशवासियों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक गौरव का अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया।   लोक-नृत्यों ने बाँधा समां   सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ की विविध लोक-शैलियों का ऐसा समागम देखने को मिला जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।   गौरा-गौरी की श्रद्धा   भोजली की हरियाली का उल्लास   राउत नाचा की रोमांचक ऊर्जा   सुआ नृत्य की गीतमय धुन   पंथी की आध्यात्मिक गरिमा   करमा की मनभावन लय     इन सबने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को शानदार रूप में प्रस्तुत किया। दर्शक लगातार तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे।   विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने बढ़ाई शोभा   कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, कांकेर सांसद भोजराज नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।   इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा, विधायक संपत अग्रवाल व प्रबोध मिंज, मुख्य सचिव विकास शील, विभागीय सचिव रोहित यादव, संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य, इन्वेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सैन, आवासीय आयुक्त श्रुति सिंह सहित अनेक अधिकारी भी मौजूद रहे।

अन्य खबरे

महाराणा प्रताप चौक पर चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले दो युवक गिरफ्तार, दो अन्य पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
झाड़-फूंक के बहाने घर से पार किए थे सोने-चांदी के जेवर और नकदी, दो साल बाद महिला गिरफ्तार
जनकपुर काष्ठागार में लकड़ी घोटाले का खुलासा: टीपी में 150 की जगह ट्रक से निकली 208 नग लकड़ी, 58 नग अतिरिक्त मिलने से मचा हड़कंप
तिल्दा-नेवरा में 16 मार्च को चेट्रीचंड्र महोत्सव, वर्ल्ड फेमस नंबर वन सिंधी सिंगर मोहित लालवानी देंगे प्रस्तुति
खेत में युवक की संदिग्ध हालत में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान — जांच में जुटी पुलिस
छेड़छाड़ से आहत नाबालिग ने लगाई फांसी, आरोपी युवक गिरफ्तार कर भेजा गया जेल