केंद्रीय जेल बिलासपुर में सनसनी: कैदी ने हंसिया से गला रेतकर आत्महत्या की कोशिश

✍️ भागीरथी यादव     बिलासपुर। केंद्रीय जेल बिलासपुर में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब किचन में काम कर रहे एक सजायाफ्ता कैदी ने सब्जी काटने के हंसिया से अपना गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। गंभीर रूप से घायल कैदी को तत्काल उपचार के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) बिलासपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। हत्या के मामले में काट रहा है आजीवन कारावास जानकारी के अनुसार, पेंड्रा निवासी विकास कश्यप हत्या के मामले में पिछले दो वर्षों से जेल में बंद है। वर्ष 2024 में उसे अपनी दादी की हत्या के प्रकरण में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। फिलहाल उससे जेल के किचन में भोजन बनाने का कार्य लिया जा रहा था। सुबह किचन में उठाया खौफनाक कदम मंगलवार सुबह लगभग 7 बजे विकास अपने बैरक से निकलकर किचन पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काम के दौरान उसने अचानक सब्जी काटने वाले हंसिया से अपना गला रेत लिया। पास में मौजूद अन्य कैदियों ने उसे खून से लथपथ हालत में तड़पते देखा और तत्काल जेल प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही जेल अधीक्षक, जेलर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। गंभीर स्थिति को देखते हुए जेल एंबुलेंस से उसे तुरंत सिम्स भेजा गया। मानसिक स्थिति पर उठे सवाल सूत्रों के मुताबिक, कैदी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं बताई जा रही थी और उसका उपचार भी चल रहा था। हालांकि, गला रेतने के कारण वह फिलहाल बातचीत करने की स्थिति में नहीं है, जिससे आत्महत्या के प्रयास के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। जांच के बाद खुलेगा राज जेल प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कैदी के होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। घटना ने जेल सुरक्षा और कैदियों की मानसिक स्वास्थ्य निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

ऑपरेशन ‘बाज’ में बड़ी कामयाबी: 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार

    मुंगेली। भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में ऑपरेशन ‘बाज’ के तहत की गई। मुखबिर सूचना पर दबिश पुलिस को सूचना मिली थी कि बी.आर. साव स्कूल मैदान के पास तीन युवक अवैध रूप से ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में: अजय देवांगन (40 वर्ष), निवासी शिक्षक नगर, अम्बेडकर वार्ड, मुंगेली कृष्ण कमल डाहिरे (22 वर्ष), निवासी पड़ाव चौक, मुंगेली कोमल यादव (22 वर्ष), निवासी वार्ड 21, खर्रीपारा, मुंगेली इतनी मात्रा में मिली ब्राउन शुगर आरोपियों के कब्जे से 11 पैकेटों में कुल 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने: 5 मोबाइल फोन (लगभग 70 हजार रुपये) एक मोटरसाइकिल (एनएस पल्सर, CG 09 JF 5822) (करीब 65 हजार रुपये) जब्त की है। इस तरह कुल जप्त सामग्री की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में हुआ खुलासा प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने खुलासा किया कि यह ब्राउन शुगर किशोर ध्रुव (36 वर्ष) और अमित साहू (38 वर्ष), दोनों निवासी झझपुरी खुर्द, थाना जरहागांव, के लिए लाई जा रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 60/26 के तहत धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मुंगेली पुलिस की इस कार्रवाई को “नशा मुक्त भारत” अभियान के तहत एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कोरबा फास्ट ट्रैक कोर्ट ने सुनाई 10 साल की सजा झाड़फूंक का झांसा देकर दुष्कर्म

  कोरबा। झाड़फूंक के बहाने एक महिला के साथ दुष्कर्म करने के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आरोपी को 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही न्यायालय ने उस पर 1 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। यह घटना रजगामार चौकी क्षेत्र की है, जो करीब सात माह पूर्व 3 जून को हुई थी। मामले में लोक अभियोजक मोहन सोनी ने शासन की ओर से प्रभावी पैरवी की। अभियोजन पक्ष के अनुसार, ओमपुर निवासी सूरज चौहान उर्फ दादू दोपहर के समय पीड़िता के घर पहुंचा। उसने झाड़फूंक का बहाना बनाकर महिला को उसकी सास के कमरे में ले गया और सुनसान का फायदा उठाते हुए दुष्कर्म किया। घटना के दौरान पीड़िता के शोर मचाने पर उसका 11 वर्षीय बेटा कमरे में पहुंच गया। उसने आरोपी को आपत्तिजनक स्थिति में देखा, जिसकी गवाही बाद में अदालत में अहम साक्ष्य साबित हुई। रजगामार पुलिस ने शिकायत दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। विवेचना पूरी होने के बाद मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के दौरान ठोस दलीलों और साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराया। फास्ट ट्रैक कोर्ट की अपर सत्र न्यायाधीश सीमा प्रताप चंद्रा ने आरोपी को 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाते हुए स्पष्ट किया कि इस तरह के अपराध समाज में अस्वीकार्य हैं और दोषियों के प्रति सख्त रुख जरूरी है। यह फैसला पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नौकरी का झांसा देकर 4.35 लाख की ठगी, फर्जी ‘कलेक्ट्रेट अधिकारी’ गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव     सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जशपुर, 19 फरवरी 2026। जशपुर जिले में कलेक्ट्रेट में सुरक्षा गार्ड की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4 लाख 35 हजार रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर बेरोजगार युवकों और उनके परिजनों से रकम वसूल रहा था। पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को ग्राम इचकेला निवासी रोहित खाखा (23) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के सोडापाठ चौक निवासी प्रदीप पंडा (28) ने उसकी मां से संपर्क कर खुद को कलेक्ट्रेट का वरिष्ठ अधिकारी बताया। आरोपी ने कहा कि कलेक्ट्रेट में सुरक्षा गार्ड की भर्ती चल रही है और वह नौकरी लगवा सकता है। जमीन गिरवी रखकर दिए पैसे झांसे में आकर जनवरी 2026 में रोहित की मां ने आरोपी को पहले 50 हजार रुपए दिए। इसके बाद आरोपी ने ज्वाइनिंग लेटर दिलाने के नाम पर 1 लाख 50 हजार रुपए और मांगे। भरोसा दिलाया गया कि अगले दिन नियुक्ति पत्र मिल जाएगा। बेटे की नौकरी की उम्मीद में मां ने गांव की जमीन गिरवी रखकर डेढ़ लाख रुपए और दे दिए। दूसरे युवक से भी वसूले 2.35 लाख आरोपी ने एक और पद खाली होने का दावा करते हुए दूसरे युवक को भी नौकरी दिलाने का लालच दिया। रोहित की मां ने ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत की मां से संपर्क कराया। उमेश की मां ने भी अपने बेटे की नौकरी के लिए आरोपी को 2 लाख 35 हजार रुपए सौंप दिए। लंबे समय तक नियुक्ति पत्र न मिलने और आरोपी द्वारा टालमटोल किए जाने पर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। होटल से दबोचा गया आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घेराबंदी कर पुलिस ने जशपुर के एक होटल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ठगी की रकम से उसने अपनी उधारी चुकाई, टेबल-कुर्सी और कंप्यूटर खरीदे तथा शेष राशि खर्च कर दी। पुलिस ने भट्टी रोड स्थित उसके कथित ऑफिस से फर्नीचर और कंप्यूटर जब्त किए हैं। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

बिना नंबर प्लेट दौड़ता मालवाहक वाहन, नियमों को खुली चुनौती

ज्ञान शंकर तिवारी     नुनेरा क्षेत्र में संदिग्ध हालात में खड़ा मिला वाहन, जांच की मांग तेज कोरबा, 19 फरवरी 2026। जिले के नुनेरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक छोटा मालवाहक वाहन बिना स्पष्ट रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट के सड़क किनारे खड़ा दिखाई दिया। वाहन में कबाड़ सामग्री, प्लास्टिक की कुर्सियां और पुराने टायर लदे हुए थे, जिससे आसपास के लोगों में शंका और नाराजगी दोनों देखी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन के पीछे लगी नंबर प्लेट पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था, जिससे उसकी पहचान संभव नहीं हो सकी। चालक मौके पर मौजूद था, लेकिन वाहन से जुड़े वैध दस्तावेजों की कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाई। कुछ देर सड़क किनारे खड़े रहने के बाद चालक वाहन लेकर वहां से रवाना हो गया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिना नंबर प्लेट वाहन का संचालन सीधे तौर पर मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है। ऐसे वाहन दुर्घटना, अवैध परिवहन या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की आशंका को बढ़ाते हैं। लोगों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर वाहन और चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते इस प्रकार की लापरवाही पर रोक नहीं लगी, तो कानून व्यवस्था और यातायात सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।

कोरबा में युवाशक्ति का प्रदर्शन: भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा का ऐतिहासिक स्वागत

✍️ भागीरथी यादव   भारतीय जनता युवा मोर्चा कोरबा की राजनीति में रविवार को उस समय नई ऊर्जा का संचार हुआ, जब संगठन के जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा और जिला महामंत्री मोंटी पटेल का कोसाबाड़ी मंडल द्वारा भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। कोसाबाड़ी चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाशक्ति की संगठित ताकत का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, केसरिया ध्वजों की लहराहट और “भारत माता की जय” के नारों से कोसाबाड़ी चौक देर तक गूंजता रहा। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर अपने जिलाध्यक्ष का अभिनंदन किया। पूरे क्षेत्र का वातावरण उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता से ओतप्रोत दिखाई दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व कोसाबाड़ी मंडल के महामंत्री पिंकू रंजन एवं मंत्री सिद्धांत नारायण सोनी ने किया। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और उत्साह यह स्पष्ट संकेत दे रहा था कि युवा मोर्चा जिले में नई रणनीति और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा ने कहा कि युवा मोर्चा संगठन की आधारशिला है और युवाओं की ऊर्जा ही भविष्य की दिशा तय करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन विस्तार, सामाजिक सरोकार और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएं। जिला महामंत्री मोंटी पटेल ने मंडल टीम की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता से ही संभव है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस भव्य स्वागत ने यह संदेश दिया कि कोरबा में युवाओं की राजनीतिक भागीदारी तेजी से बढ़ रही है। कार्यक्रम न केवल संगठनात्मक एकता का प्रतीक बना, बल्कि आने वाले समय में युवा नेतृत्व की निर्णायक भूमिका का संकेत भी दे गया।

शादी समारोह से जाम की नौबत, आरपीएफ ने राजस्थान भवन प्रबंधन को थमाया नोटिस

✍️ भागीरथी यादव   मनेंद्रगढ़। शादी समारोहों के दौरान बेतरतीब पार्किंग से बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सख्ती दिखाई है। आरपीएफ पोस्ट मनेंद्रगढ़ के प्रभारी निरीक्षक ने राजस्थान भवन प्रबंधन को औपचारिक नोटिस जारी कर स्पष्ट चेतावनी दी है। नोटिस में अध्यक्ष/प्रबंधक श्याम सुंदर पोद्दार को अवगत कराया गया है कि कार्यक्रमों के दौरान अतिथियों के वाहन मेन रोड, रेलवे ब्रिज और रेलवे परिसर में खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की आशंका बढ़ती है। रेलवे क्षेत्र में अनधिकृत पार्किंग को नियमों का गंभीर उल्लंघन बताया गया है। आरपीएफ ने निर्देश दिया है कि सभी वाहनों की समुचित पार्किंग भवन परिसर या निर्धारित स्थल पर सुनिश्चित की जाए। चेतावनी दी गई है कि दोबारा ऐसी स्थिति मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी भवन प्रबंधन की होगी। नोटिस के बाद शहर में चर्चा तेज है। अब देखना होगा कि प्रबंधन यातायात अव्यवस्था रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

सट्टे के नेटवर्क पर करारा प्रहार: चिरमिरी पुलिस ने सरगना को दबोचा, डिजिटल सबूतों से खुलेंगे और राज

✍️ भागीरथी यादव     एमसीबी/चिरमिरी। अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ जारी सख्त अभियान के बीच चिरमिरी पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। संगठित रूप से संचालित सट्टा नेटवर्क के मुख्य सरगना शिवराम पनिका को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध जुआ-सट्टा गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर दबिश दी। घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में सट्टे का संगठित नेटवर्क संचालित कर रहा था और कई लोगों को इस अवैध गतिविधि से जोड़ रखा था। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। तकनीकी विश्लेषण में मोबाइल से सट्टे के लेन-देन, खातों की एंट्री और नेटवर्क से जुड़े संपर्कों के महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब कॉल डिटेल और वित्तीय ट्रांजैक्शन की गहन जांच कर रही है, जिससे पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की संभावना है। थाना प्रभारी विजय सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध जुआ या सट्टेबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। इस गिरफ्तारी को चिरमिरी पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का साफ संदेश है—अवैध कारोबार करने वालों के लिए अब कोई गुंजाइश नहीं, कानून का शिकंजा और कसा जाएगा।

पोंड़ी उपरोड़ा के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में अव्यवस्था उजागर

सुशील जायसवाल     बोर्ड परीक्षा से पहले निरीक्षण में सामने आई गंभीर लापरवाही कोरबा/पोंड़ी-उपरोड़ा। बोर्ड परीक्षा से ठीक पहले पोंड़ी-उपरोड़ा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में व्यवस्थागत खामियों का बड़ा मामला सामने आया है। पाली-तानाखार क्षेत्र के विधायक तुलेश्वर मरकाम ने औचक निरीक्षण कर स्कूल की जमीनी स्थिति का जायजा लिया, जहां कई गंभीर लापरवाहियां उजागर हुईं। करीब 1200 छात्र-छात्राओं वाले इस विद्यालय में 20 फरवरी से 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ होने जा रही हैं। ऐसे संवेदनशील समय में निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में साफ-सफाई की कमी स्पष्ट दिखी। कई शिक्षक समय पर उपस्थित नहीं पाए गए, जिससे नियमित शैक्षणिक गतिविधियों की गंभीरता पर प्रश्नचिह्न लगा। इसके अलावा मध्यान्ह भोजन योजना के संचालन में भी अनियमितताएं पाई गईं। भोजन व्यवस्था की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर भी असंतोष सामने आया। विधायक की सख्त चेतावनी व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति देखकर विधायक तुलेश्वर मरकाम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राचार्य को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बोर्ड परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर किसी भी प्रकार की ढिलाई अस्वीकार्य है। विधायक ने तत्काल प्रभाव से— परिसर की साफ-सफाई दुरुस्त करने, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, और अध्ययन वातावरण सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को फोन पर पूरे प्रकरण की जानकारी दी। डीईओ ने भी लापरवाही स्वीकार करते हुए प्राचार्य एवं संबंधित शिक्षकों की जवाबदेही तय करने और शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। पालकों की नाराजगी मौके पर उपस्थित पालकों ने बताया कि पूर्व में भी कई बार शिकायत की गई थी, किंतु अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। निरीक्षण के दौरान बीआरसी दयाल, सरपंच सहेर सिंह राज, उपसरपंच सीता देवी अग्रवाल, पूर्व जनपद सदस्य विजय दुबे, सुरेश पोर्ते सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर अंत में विधायक ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। यह निरीक्षण केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और सुधार की आवश्यकता का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।

स्व. प्यारे लाल कंवर शासकीय महाविद्यालय में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब का गठन

सुशील जायसवाल   लोकतंत्र की मज़बूती में युवाओं की निर्णायक भूमिका – सतीश प्रकाश सिंह कोरबा/भैसमा, 18 फरवरी 2026। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए भैसमा स्थित स्व. प्यारे लाल कंवर शासकीय महाविद्यालय में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) का विधिवत गठन किया गया। कार्यक्रम में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. साधना खरे एवं सतीश प्रकाश सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात छात्राओं ने स्वागत गीत एवं मतदाता जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर लोकतांत्रिक चेतना का संदेश दिया। रंगोली के रंगों में लोकतंत्र का संदेश इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के गठन के अवसर पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता ने कार्यक्रम को विशेष आयाम दिया। छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता पंजीकरण एवं मतदान के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया। प्रतियोगिता में छात्राओं की उत्साही भागीदारी ने यह स्पष्ट किया कि युवा वर्ग लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है। “हर युवा बने जागरूक मतदाता” अपने संबोधन में सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने 18 वर्ष पूर्ण कर चुके प्रत्येक युवा से अपने-अपने मतदान केंद्र में नाम पंजीकृत कराने की अपील की। साथ ही एसआईआर की प्रक्रिया को समझाते हुए बताया कि यह मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंच युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक नागरिक बनाने का कार्य करेगा। महाविद्यालय का सतत सहयोग प्राचार्य डॉ. साधना खरे ने आश्वस्त किया कि महाविद्यालय स्वीप कार्यक्रम की सभी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। कार्यक्रम के संचालन का दायित्व सहायक प्राध्यापक दीपेश कुमार ने निभाया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जे. एल. चौहान, सहायक प्राध्यापक जितेंद्र कंवर, डॉ. अनुराधा तिर्की (महाविद्यालय स्वीप नोडल अधिकारी) सहित समस्त प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शत-प्रतिशत मतदान एवं मतदाता पंजीकरण के लिए जनजागरूकता फैलाने की शपथ ली, जिससे यह आयोजन केवल औपचारिकता नहीं बल्कि लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश बनकर उभरा।

अन्य खबरे

दर्री सीएसईबी कॉलोनी में पानी टंकी के पास भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर मांगे एक लाख रुपये — महिला गिरफ्तार
दर्री डैम हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद मिला, इलाके में शोक
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी में आरिफ खान बने उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
सिमगा संकुल में वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बैठक सम्पन्न, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश
ग्रामीणों को दस्तावेज उपलब्ध कराने सैचुरेशन शिविर आयोजित करें – कलेक्टर संबित मिश्रा