राजिम कुंभकल्प मेले में अव्यवस्थाओं को लेकर उबाल, अवैध वसूली के आरोप में व्यापारी सड़क पर

  ✍️ भागीरथी यादव     राजिम कुंभकल्प मेले के शुभारंभ के साथ ही व्यवस्थाओं को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। मेले में दुकान आवंटन के नाम पर कथित अवैध वसूली और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के आरोपों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मगरलोड क्षेत्र के व्यापारियों ने लोमस ऋषि आश्रम के समीप धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। व्यापारियों का आरोप है कि मेले में दुकान लगाने के लिए उनसे जबरन एक हजार रुपये वसूले जा रहे हैं। छोटे व्यापारियों का कहना है कि धार्मिक आयोजन में इस तरह की वसूली न केवल अनुचित है, बल्कि उनके सीमित आर्थिक संसाधनों पर सीधा प्रहार भी है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में व्यापारी अपने कामकाज छोड़कर आंदोलन में शामिल हो गए हैं। विरोध प्रदर्शन में मगरलोड जनपद क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी खुलकर सामने आ गए हैं। उनका आरोप है कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन में उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज किया गया। न तो प्रशासन ने उनसे कोई परामर्श किया और न ही व्यवस्थाओं में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की गई। जनप्रतिनिधियों ने गरियाबंद जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसे प्रशासनिक तानाशाही करार दिया। मेले के शुरुआती दिनों में ही उपजे इस विवाद ने प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोल दी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि समय रहते पारदर्शी और समन्वित व्यवस्था बनाई जाती, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न ही नहीं होती। फिलहाल, व्यापारी और जनप्रतिनिधि अपनी मांगों पर डटे हुए हैं और प्रशासन से अवैध वसूली पर रोक तथा पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं।

कोरबी: हनुमान प्रतिमा खंडित करने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोचा, तत्काल कराई गई नई मूर्ति की स्थापना

सुशील जायसवाल   कोरबी/सिरमिना: कोरबी चौकी के अंतर्गत आंजन नाला घाट (ग्राम पंचायत दम्हा मुंडा) में शनिवार सुबह एक अप्रिय घटना सामने आई। एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक ने हनुमान जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। हालांकि, पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से स्थिति को बिगड़ने से पहले ही संभाल लिया गया। घटना का विवरण शनिवार, 31 जनवरी की सुबह करीब 6:45 बजे, आरोपी राम कुमार मराबी ने डंडे से हमला कर घाट पर स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को सड़क पर फेंक कर खंडित कर दिया। मौके पर मौजूद पुजारी सुमार साय ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन्हें भी धमकी दी। प्रत्यक्षदर्शी मुरेन सिदार और राय सिंह ने घटना की पुष्टि की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ग्रामीण बिहारी लाल मरपची की सूचना पर पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। गिरफ्तारी: चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी, बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा और मोरगा प्रभारी मंगतू राम मरकाम ने घेराबंदी कर आरोपी को सिरमिना से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सराहनीय पहल: तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने व्यक्तिगत रुचि लेते हुए स्वयं के व्यय से नई ढाई फीट की हनुमान प्रतिमा मंगवाई। सौहार्दपूर्ण मूर्ति स्थापना सूर्यास्त से पहले, बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी, नरेंद्र ठाकुर और अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में विधि-विधान से नई मूर्ति की स्थापना की गई। इस दौरान हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। “कोरबी पुलिस बधाई की पात्र है। पुलिस ने न केवल आरोपी को तत्काल पकड़ा, बल्कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए समय रहते नई प्रतिमा की स्थापना भी कराई।” — राणा मुखर्जी, जिला संयोजक, बजरंग दल इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी राकेश जायसवाल, दुबे प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। पुलिस की इस तत्परता ने क्षेत्र में संभावित विवाद को टाल दिया और प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत किया।

रायपुर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: टी-20 वर्ल्ड कप से पहले ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश, 92 लाख से अधिक की जब्ती

✍️ भागीरथी यादव   रायपुर: राजधानी में सट्टेबाजों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘रायपुर कमिश्नरेट’ ने एक हाई-प्रोफाइल ऑनलाइन सट्टा गिरोह को दबोचा है। टी-20 वर्ल्ड कप के रोमांच से पहले ही सक्रिय हुए इस गिरोह के 6 सदस्यों को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। लग्जरी कारों में चल रहा था ‘मोबाइल ऑफिस’ पुलिस को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के नागोराव गली अंडरब्रिज के पास कुछ संदिग्ध लोग अपनी महंगी गाड़ियों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा ऑपरेट कर रहे हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर हुई घेराबंदी में पुलिस ने 2 महिंद्रा थार और 1 नेक्सा XL-6 को पकड़ा। तलाशी के दौरान कारों के भीतर से भारी मात्रा में कैश और स्मार्टफोन बरामद हुए। हवाला और ‘म्यूल अकाउंट्स’ का जाल पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला ने बताया कि यह गिरोह jmdbet777.com और Classic777.com जैसी वेबसाइट्स के जरिए मास्टर आईडी बांटकर सट्टा खिला रहा था। जांच में बड़े पैमाने पर हवाला ट्रांजैक्शन और म्यूल बैंक खातों (फर्जी खातों) के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब इनका ‘फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन’ कर रही है ताकि सट्टे की काली कमाई की पूरी चेन का खुलासा हो सके। जब्ती का विवरण (कुल मूल्य: ₹92.50 लाख) नगद राशि: ₹37,50,000 (साढ़े सैंतीस लाख रुपये) लग्जरी गाड़ियां: 2 महिंद्रा थार, 1 नेक्सा XL-6 (कीमत लगभग ₹50 लाख) स्मार्टफोन: 10 महंगे मोबाइल फोन (कीमत ₹5 लाख) गिरफ्तार आरोपियों की प्रोफाइल पकड़े गए आरोपियों में से कई पुराने अपराधी हैं जो पहले भी जुआ एक्ट के तहत जेल जा चुके हैं: रखब देव पाहुजा (भिलाई): गिरोह का मुख्य सप्लायर और पुराना हिस्ट्रीशीटर। पीयूष जैन (रायपुर): मास्टर आईडी मैनेजमेंट का प्रमुख। जितेन्द्र कुमार उर्फ जित्तू (रायपुर): इलाके का पुराना सटोरिया। दीपक अग्रवाल (बिलासपुर): कारोबार का अहम साझीदार। कमल राघवानी (रायपुर): गिरोह का सक्रिय सदस्य। सचिन जैन (रायपुर): आईडी वितरण का जिम्मेदार। अगला कदम: ग्राहकों पर गिरेगी गाज पुलिस ने इस गिरोह से आईडी लेकर सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की भी एक विस्तृत सूची तैयार कर ली है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जल्द ही इन ग्राहकों पर भी कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। गिरोह के तार महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से भी जुड़े होने की पुष्टि हुई है।

सराईपाली में अखण्ड नवधा रामायण महायज्ञ का भव्य आयोजन, सरपंच संजय राज ने की पूजा-अर्चना

ज्ञान शंकर तिवारी     कोरबा। ग्राम पंचायत बोईदा अंतर्गत सराईपाली में आयोजित अखण्ड नवधा रामायण महायज्ञ भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो रहा है। इस पावन अवसर पर ग्राम सरपंच संजय राज विशेष रूप से शामिल हुए और विधिवत पूजा-अर्चना कर ग्रामवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। महायज्ञ के दौरान आयोजन समिति द्वारा सरपंच संजय राज का गमछा एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। सम्मान समारोह के समय उपस्थित श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में सरपंच संजय राज ने कहा कि अखण्ड नवधा रामायण जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। रामायण हमें सत्य, धर्म, सेवा, त्याग और भाईचारे का मार्ग दिखाती है, जिससे समाज में आपसी सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है। कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष सनत कुमार, उपाध्यक्ष देवनारायण पटेल, सचिव शत्रुहन पटेल, सहसचिव चंदराम पटेल, कोषाध्यक्ष रविकुमार पटेल, सह कोषाध्यक्ष विरेंद्र कुमार, ग्राम अध्यक्ष रामाधारी पटेल, मरार समाज कोरबा जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार पटेल सहित नंदलाल, मोतीलाल, कन्हैया, संतराम, खम्हन, संतोष, रिंकू, रमेश, बालकराम, लक्की यादव, जनाराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। महिला समिति से नीर बाई, पुनिता, सुखीन, सीता, सोनिया, उमा, गंगोत्री बाई, नीर पत्ती, शकुंतला, सीमा, रनकुंवर, दरस बाई, पांचो बाई, ललिता, मलेसिन सहित अनेक श्रद्धालु महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। अखण्ड रामायण पाठ से संपूर्ण ग्राम भक्ति, श्रद्धा और राममय वातावरण में सराबोर रहा।

हनुमान मूर्ति खंडित करने की घटना से क्षेत्र में तनाव, आरोपी गिरफ्तार

सुशील जायसवाल   कोरबी | सिरमिना कोरबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत दम्हा मुंडा ग्राम पंचायत के आंजन नाला घाट (बहेरा पाठ) पर स्थापित भगवान हनुमान जी की मूर्ति को असामाजिक तत्व द्वारा खंडित किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग 6:45 बजे एक अज्ञात शरारती युवक ने हाथ में डंडा लेकर मूर्ति को सड़क पर पटक दिया, जिससे मूर्ति पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुजारी सुमार साय ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन्हें धमकी देते हुए पूजा-पाठ करने पर आपत्ति जताई। प्रत्यक्षदर्शी मुरेन सिदार और राय सिंह ने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। घटना की सूचना तत्काल बिहारी लाल मरपची द्वारा कोरबी पुलिस चौकी में दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, निरीक्षण किया और तत्परता दिखाते हुए आरोपी राम कुमार मराबी को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी घटना के समय राह चलते वाहनों और यात्रियों को भी दौड़ाने का प्रयास कर रहा था, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस द्वारा मौके पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

रायपुर: पॉक्सो एक्ट के आरोपी से सांठगांठ पड़ी भारी, महिला हेड कांस्टेबल निलंबित

    रायपुर। राजधानी के कबीर नगर थाने में पदस्थ एक महिला हेड कांस्टेबल को अनुशासनहीनता और संदिग्ध आचरण के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। महिला प्रधान आरक्षक पर आरोप है कि उन्होंने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामले के आरोपी से हाथ मिलाकर केस को कमजोर करने की कोशिश की। वर्दी पर लगा ‘सांठगांठ’ का दाग पूरा मामला कबीर नगर थाने में दर्ज दुष्कर्म और पाॅक्सो एक्ट (अपराध क्रमांक 13/26) से जुड़ा है। इस केस की जांच की जिम्मेदारी महिला प्रधान आरक्षक चंद्रकला साहू (नंबर 1507) के पास थी। जांच के दौरान यह शिकायत सामने आई कि चंद्रकला ने आरोपी पक्ष से मेल-जोल बढ़ाया और केस को रफा-दफा करने या कमजोर करने के लिए अनुचित लाभ की अपेक्षा की। पीड़िता पर बनाया बयान बदलने का दबाव मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि विवेचक (Investigator) होने के नाते न्याय दिलाने के बजाय, प्रधान आरक्षक पर ही पीड़िता को डराने-धमकाने का आरोप लगा है। सूत्रों के मुताबिक: आरोपी को लाभ पहुँचाने के लिए पीड़िता पर बयान बदलने का दबाव बनाया गया। आरोपी पक्ष से केस कमजोर करने के एवज में रुपयों के लेन-देन की शिकायत भी सामने आई। डीसीपी का कड़ा एक्शन जैसे ही इस गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार की शिकायत पश्चिम डीसीपी संदीप पटेल तक पहुँची, उन्होंने बिना देरी किए सख्त रुख अपनाया। डीसीपी द्वारा जारी आदेश में महिला प्रधान आरक्षक के आचरण को “स्वेच्छाचारिता और संदिग्ध” मानते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। निलंबन की अवधि के दौरान उन्हें रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) रायपुर भेज दिया गया है। आदेश का मुख्य अंश: “प्रकरण की विवेचना में विवेचक द्वारा संदिग्ध आचरण प्रदर्शित किए जाने के फलस्वरूप तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।”

कवर्धा: वर्दी को शर्मसार करने वाले आरक्षक पर गाज, नशे में हंगामे के बाद सेवा से बर्खास्त

  कबीरधाम। अनुशासनहीनता और नशाखोरी के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। वर्दी की मर्यादा भूलकर सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हंगामा करने वाले आरक्षक अभिषेक लकड़ा (क्र. 126) को पुलिस अधीक्षक ने सेवा से बर्खास्त (Dismiss) कर दिया है। इस फैसले ने विभाग के भीतर और बाहर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि ‘खाकी’ के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्या था पूरा मामला? यह घटना 30 अप्रैल 2025 की है, जब आरक्षक अभिषेक लकड़ा वर्दी पहनकर शराब के नशे में एक शोरूम में दाखिल हुआ। वहां उसने न केवल कर्मचारियों से अभद्रता की, बल्कि आम जनता के साथ भी अशिष्ट व्यवहार करते हुए जमकर हंगामा मचाया। शोरूम संचालक की शिकायत पर जब थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे, तब भी आरक्षक के व्यवहार में कोई सुधार नहीं दिखा। जांच में खुले अनुशासनहीनता के पुराने रिकॉर्ड पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर हुई विभागीय जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए: मेडिकल पुष्टि: जिला अस्पताल में हुई जांच में आरक्षक द्वारा अत्यधिक शराब सेवन की पुष्टि हुई। आदतन अपराधी: जांच में पता चला कि आरक्षक का सेवाकाल छोटा होने के बावजूद उसका रिकॉर्ड बेहद खराब था। पिछली सजाएं: उसे पूर्व में 7 बार ‘निंदा’ की सजा और 2 बार वेतनवृद्धि रोकने का दंड दिया जा चुका था, लेकिन उसके आचरण में सुधार नहीं हुआ। एसपी का सख्त फैसला: विभाग में जगह नहीं विभागीय जांच में आरोपों के सिद्ध होने और आरक्षक के जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर एसपी कबीरधाम ने कठोर निर्णय लिया। साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा मानते हुए आरक्षक को तत्काल प्रभाव से नौकरी से निकाल दिया गया है। “पुलिस विभाग अनुशासन पर टिका है। वर्दी पहनकर अमर्यादित व्यवहार और नशाखोरी करने वाले कर्मचारियों के लिए विभाग में कोई स्थान नहीं है।”

महासमुंद में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 7.86 करोड़ का गांजा व नशीली सिरप जब्त

✍️ भागीरथी यादव   यूट्यूबर समेत 27 आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा–महाराष्ट्र नेटवर्क ध्वस्त महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने 7 से 29 जनवरी के बीच बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार किया है। पुलिस ने 8 अलग-अलग मामलों में कुल 7.86 करोड़ रुपए मूल्य का गांजा और नशीली सिरप जब्त की है। इस दौरान एक चर्चित यूट्यूबर सहित कुल 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी ओडिशा और महाराष्ट्र से जुड़े बताए जा रहे हैं। यूट्यूबर आकाश जाधव निकला गांजा तस्करी का सरगना पुलिस जांच में सामने आया है कि महाराष्ट्र निवासी यूट्यूबर आकाश जाधव ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा तस्करी का मुख्य सरगना था। आकाश के यूट्यूब चैनल पर 5.68 मिलियन और इंस्टाग्राम पर 3.17 लाख फॉलोअर्स हैं। वह सांपों के रेस्क्यू से जुड़े वीडियो बनाता था। पुलिस ने आकाश की करीब डेढ़ लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। वह पुणे के एक मामले में पिछले छह महीने से फरार था। हाल ही में एम्बुलेंस के जरिए गांजा तस्करी की जो खेप पकड़ी गई थी, वह भी उसी की बताई जा रही है। कोमाखान थाना क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस को सबसे बड़ी सफलता मिली है। यहां से 950 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 4.75 करोड़ रुपए आंकी गई है। इस मामले में महाराष्ट्र के जालना जिले के परिवहनकर्ताओं के साथ मुख्य व्यवस्थापक प्रदीप मुसदवले को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य मामले में पुलिस ने 520 किलो गांजा (कीमत करीब 2.60 करोड़ रुपए) जब्त किया। इसमें पुणे के कुख्यात सोनवाने परिवार के रामदास सोनवाने, कुनाल सोनवाने और प्रतीक सोनवाने को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही ओडिशा के कालाहांडी जिले के सप्लायर रंजन दुर्गा को भी पकड़ा गया है। ओडिशा से दुर्ग–रायपुर तक फैला नेटवर्क टूटा सिंघोड़ा पुलिस ने अंतरराज्यीय सीमा पर कार्रवाई करते हुए 50 किलो गांजा (कीमत करीब 25 लाख रुपए) के साथ परिवहनकर्ता कुशल सिंह और उत्तर प्रदेश के खरीदार राघवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। एक अन्य कार्रवाई में 26 किलो गांजा (कीमत करीब 13 लाख रुपए) बरामद कर पुणे और महासमुंद के तस्करों के साथ ओडिशा के सप्लायर और वाहन मालिक को गिरफ्तार किया गया। नशीली सिरप के अवैध कारोबार पर भी कार्रवाई पुलिस ने नशीली सिरप के अवैध व्यापार में शामिल नेटवर्क पर भी कार्रवाई करते हुए 146 नशीली सिरप जब्त की है। इससे ओडिशा से दुर्ग और रायपुर तक फैला नेटवर्क टूट गया है। दो अन्य मामलों में 32 किलो से अधिक गांजा भी जब्त किया गया। आरंग क्षेत्र से भी गांजा बरामद आरंग क्षेत्र से पुलिस ने 4.930 किलो गांजा जब्त कर खरीदार ओमप्रकाश रात्रे को गिरफ्तार किया है। वहीं कंधमाल (ओडिशा) के सप्लायर शिबू बिधानी को भी पकड़ा गया है। रायपुर के समता कॉलोनी निवासी हर्षित सक्सेना को इस नेटवर्क में फॉरवर्ड लिंक के रूप में चिन्हित किया गया है। तकनीकी साक्ष्यों से पूरे नेटवर्क पर शिकंजा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मोबाइल डेटा, लोकेशन ट्रैकिंग, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और डिजिटल लेन-देन जैसे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नशे की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को तोड़ने की कार्रवाई लगातार कर रही है।  

बिलासपुर में दिनदहाड़े चाकूबाजी, युवक की हत्या से सनसनी

  पुराने विवाद ने लिया जानलेवा मोड़, आरोपी फरार     बिलासपुर। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल शनिचरी बाजार हैप्पी स्ट्रीट रोड पर शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। पुराने विवाद के चलते हुए इस जानलेवा हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान सानू उर्फ अमन खान के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने अचानक युवक पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं प्रत्यक्षदर्शियों से भी गहन पूछताछ जारी है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में दिखा दुनिया का सबसे तेज पक्षी ‘पेरेग्रीन फाल्क

✍️ भागीरथी यादव   रायपुर: छत्तीसगढ़ की समृद्ध जैव विविधता अब अंतरराष्ट्रीय स्तर के दुर्लभ पक्षियों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। इसी कड़ी में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व से एक रोमांचित करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ दुनिया के सबसे तेज उड़ने वाले पक्षी, पेरेग्रीन फाल्कन (स्थानीय नाम: शाहीन बाज), को एक बार फिर देखा गया है। कैमरे में कैद हुआ ‘आसमान का चीता’ इस दुर्लभ पक्षी की मौजूदगी को वन रक्षक ओमप्रकाश राव ने अपने कैमरे में कैद किया है। इससे पहले भी इस बाज़ को आमामोरा ओड़ क्षेत्र के ‘शेष पगार जलप्रपात’ के पास ड्रोन कैमरों में देखा गया था। बार-बार इसकी उपस्थिति दर्ज होना यह सिद्ध करता है कि छत्तीसगढ़ का वातावरण इन विदेशी और दुर्लभ प्रजातियों के लिए अनुकूल हो चुका है। 320 किमी/घंटा की रफ्तार से करता है शिकार पेरेग्रीन फाल्कन अपनी अविश्वसनीय गति के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है: गोता लगाने की गति: शिकार पर झपट्टा मारते समय इसकी रफ्तार 320 किमी प्रति घंटा तक पहुँच जाती है। सामान्य उड़ान: उड़ते समय भी यह करीब 300 किमी प्रति घंटा की गति बनाए रख सकता है। प्रमुख विशेषता: इसके मजबूत और नुकीले पीले पंजे उड़ते हुए पक्षियों (जैसे कबूतर और तोते) को पकड़ने में माहिर होते हैं। वन विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि वन अधिकारियों के अनुसार, पेरेग्रीन फाल्कन का इस क्षेत्र में दिखना टाइगर रिजर्व के स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) का संकेत है। अपनी सटीक शिकार तकनीक और ऊँचाई से गोता लगाने की कला के कारण इसे ‘आसमान का चीता’ भी कहा जाता है।

अन्य खबरे

शर्मनाक: दही मांगने के बहाने घर में घुसा शिक्षक, नाबालिग छात्रा से की छेड़खानी; छोटी बहन की बहादुरी से बचा सम्मान
दर्री सीएसईबी कॉलोनी में पानी टंकी के पास भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया वीडियो, ब्लैकमेल कर मांगे एक लाख रुपये — महिला गिरफ्तार
दर्री डैम हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव दो दिन बाद मिला, इलाके में शोक
कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी में आरिफ खान बने उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह
सिमगा संकुल में वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बैठक सम्पन्न, प्राचार्य ने दिए आवश्यक निर्देश