महतारी वंदन योजना: ई-केवाईसी अनिवार्य, समय पर प्रक्रिया नहीं कराने पर रुक सकता है भुगतान

✍️ भागीरथी यादव

 

 

30 जून तक शिविरों में निःशुल्क सुविधा, 31 अगस्त तक विशेष व्यवस्था

कोरबा, 09 अप्रैल 2026।

राज्य शासन के निर्देशानुसार महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पंजीकृत सभी हितग्राहियों के लिए ई-केवाईसी कराना अब अनिवार्य कर दिया गया है। कलेक्टर ने जिले की सभी पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूर्ण करा लें, ताकि योजना का लाभ लगातार मिलता रहे।

प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई है कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया 30 जून 2026 तक विशेष शिविरों के माध्यम से संचालित की जाएगी। इसके बाद जिन हितग्राहियों का ई-केवाईसी शेष रह जाएगा, उनके लिए 01 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक संबंधित परियोजना कार्यालयों में विशेष व्यवस्था की जाएगी।

ई-केवाईसी के माध्यम से हितग्राहियों की पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा, जिससे योजना का लाभ केवल पात्र और वास्तविक लाभार्थियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में ई-केवाईसी नहीं कराने पर लाभार्थियों का भुगतान अस्थायी रूप से रोका जा सकता है या वे योजना के लाभ से वंचित भी हो सकते हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। किसी भी प्रकार का शुल्क देने से बचें। हितग्राही अपने साथ आधार कार्ड एवं आवश्यक दस्तावेज लेकर ही केंद्र पर पहुंचें।

जिले के हितग्राहियों को सलाह दी गई है कि वे अपने नजदीकी सीएससी, लोक सेवा केंद्र या आंगनवाड़ी केंद्र में जाकर समय पर ई-केवाईसी कराएं। साथ ही, किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र या परियोजना कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

प्रशासन की अपील:

सभी हितग्राही समय रहते ई-केवाईसी कराएं और अपने विवरण अद्यतन रखें, ताकि योजना का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे।