
✍️ भागीरथी यादव
बलौदाबाजार। जिले में सोमवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार ग्राम हथबंद और रिंगनी के बीच रेलवे लाइन के पास करीब 50 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध हालत में पाया गया।
बताया जा रहा है कि शव के आसपास शरीर के टुकड़े-टुकड़े होने के निशान मिले हैं, जिससे प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत ट्रेन से कटने के कारण हुई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस द्वारा ग्रामीणों और चौकीदारों की मदद से आसपास के गांवों में मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
