घटिया सीसी रोड निर्माण ने उजागर की पंचायत से प्रशासन तक की कार्यप्रणाली

✍️ भागीरथी यादव

 

विकास के नाम पर भ्रष्टाचार, लापरवाही और मिलीभगत का आरोप

कोरबा/पाली।

विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े करते हुए विकासखंड पाली के अंतर्गत ग्राम पंचायत मादन से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां मुख्य मार्ग से बस्ती की ओर बन रही सीसी रोड ग्रामीणों के लिए सुविधा बनने से पहले ही भ्रष्टाचार और लापरवाही की तस्वीर बनती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के शुरुआती चरण में ही सड़क की हालत देखकर इसके टिकाऊ होने पर संदेह गहराने लगा है।

जिस सड़क से बरसात में राहत, सुगम आवागमन और गांव के विकास की उम्मीद थी, वही सड़क अब घटिया निर्माण की मिसाल बनकर पंचायत से लेकर प्रशासन तक की कार्यप्रणाली को उजागर कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। न तो सड़क की मोटाई का ध्यान रखा गया, न ही बेस तैयार करने और क्योरिंग जैसे अनिवार्य नियमों का पालन किया जा रहा है। मिलर मशीन से जल्दबाजी में कंक्रीट डालकर काम निपटाया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मानकों को दरकिनार कर हो रहा निर्माण

स्थानीय लोगों के अनुसार सीमेंट, गिट्टी और रेत का अनुपात नियमों के अनुरूप नहीं रखा जा रहा। ढलाई से पहले न तो मजबूत बेस बनाया गया और न ही बाद में उचित क्योरिंग की व्यवस्था की गई। नतीजा यह है कि सड़क की ऊपरी परत निर्माण के दौरान ही कमजोर दिखाई देने लगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि गुणवत्ता जांच के बिना ही काम को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका और गहरी हो गई है।

मशीनों से काम, ग्रामीणों का रोजगार छीना

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि जहां हाथ से काम कराकर स्थानीय मजदूरों को रोजगार मिल सकता था, वहां मशीनों का इस्तेमाल कर दिया गया। मनरेगा और रोजगारपरक योजनाओं की भावना के विपरीत यह कार्यवाही ग्रामीण मजदूरों की रोजी-रोटी पर सीधा हमला है। लोगों का कहना है कि ऐसा विकास, जो रोजगार छीन ले, वह विकास नहीं बल्कि शोषण है।

बनी नहीं सड़क, तोड़ने की तैयारी

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सड़क पूरी तरह बनने से पहले ही पाइपलाइन बिछाने के नाम पर कोर कटिंग की तैयारी शुरू कर दी गई है। यानी सड़क बनते ही उसे तोड़ने की योजना तैयार है। इससे यह साफ संकेत मिलता है कि योजना निर्माण और क्रियान्वयन में भारी लापरवाही बरती गई है या फिर यह सब पहले से तय रणनीति का हिस्सा है। ग्रामीणों को आशंका है कि कुछ ही महीनों में यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो जाएगी और फिर मरम्मत के नाम पर दोबारा सरकारी राशि खर्च की जाएगी।

शिकायतों के बावजूद प्रशासन मौन

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में हो रही अनियमितताओं की शिकायतें कई बार संबंधित अधिकारियों से की गईं, लेकिन न तो काम रोका गया और न ही कोई जांच शुरू हुई। अधिकारियों की चुप्पी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला बड़े भ्रष्टाचार का उदाहरण बन जाएगा।

ठेकेदार की राजनीतिक पहुंच की चर्चा

ग्रामीणों के मुताबिक संबंधित ठेकेदार खुलेआम विधायक और मंत्री तक पहुंच होने की धौंस देता है। शिकायत करने पर ठेकेदार बेखौफ नजर आता है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। बताया जा रहा है कि इससे पहले तेंदूपारा क्षेत्र में इसी ठेकेदार द्वारा बनाई गई सीसी रोड के उखड़ने की शिकायतें सामने आई थीं, लेकिन तब भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

सरपंच-सचिव की भूमिका संदेह के घेरे में

निर्माण की निगरानी की जिम्मेदारी जिन सरपंच और सचिव पर है, उनके कार्यस्थल पर न पहुंचने के आरोप भी लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गुणवत्ता की बजाय कथित कमीशन को प्राथमिकता दी जा रही है, इसी कारण घटिया सामग्री और अधूरी क्योरिंग खुलेआम हो रही है।

स्वतंत्र जांच और कार्रवाई की मांग

ग्राम पंचायत मादन के ग्रामीणों ने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही दोषी ठेकेदार, संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण मानकों के अनुरूप दोबारा कराया जाए, ताकि आने वाले वर्षों तक गांव को इसका वास्तविक लाभ मिल सके।

ग्रामीणों की यह आवाज अब केवल एक गांव की समस्या नहीं रह गई है, बल्कि यह उस व्यवस्था पर सीधा सवाल है, जो विकास के नाम पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब जागते हैं और इस मामले में कब ठोस कार्रवाई होती है

  • Related Posts

    सिरमिना के बाबूपारा में कोरबी पुलिस की रेड, अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

    सुशील जायसवाल     सिरमिना/कोरबी। क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोरबी पुलिस ने ग्राम पंचायत छिंदिया के आश्रित ग्राम बाबूपारा में छापामार कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाबूपारा में अवैध रूप से शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर सोमवार 9 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 लीटर कच्ची महुआ शराब और 50 नग स्पेशल व्हिस्की बरामद की। पुलिस ने आरोपी सुमित यादव (35 वर्ष) पिता बनसलाल यादव, निवासी ग्राम बाबूपारा, छिंदिया (पुलिस चौकी कोरबी, थाना पसान, जिला कोरबा) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर की गई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

    दर्री होली के दिन टला बड़ा धमाका! गैस एजेंसी तक पहुंची आग, सीएसईबी कोरबा पश्चिम दमकल टीम की तत्परता से बची बड़ी त्रासदी देखें वीडियो

        कोरबा/दर्री। होली के दिन दर्री थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ढिंढोलभाटा स्थित साईं गजानंद इंडियन गैस एजेंसी के पीछे झाड़ियों में अचानक आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलते हुए गैस एजेंसी परिसर तक पहुंच गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई। घटना की सूचना तुरंत दर्री थाना को दी गई। सूचना मिलते ही सीएसईबी कोरबा पश्चिम की दमकल टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मी विकास यादव, सुनील यादव, उपेश जांगड़े और हूमेश राठौर ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। आग लगातार गैस एजेंसी की ओर बढ़ रही थी, जहां बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर मौजूद थे। यदि आग एजेंसी के अंदर तक पहुंच जाती तो भीषण विस्फोट और बड़ी जनहानि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता था। सीएसईबी कोरबा पश्चिम की दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया और संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी और सूझबूझ से होली के दिन शहर एक बड़ी त्रासदी से बच गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल टीम की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी आगजनी की घटना को टाल दिया।

    अन्य खबरे

    ग्रामीणों को दस्तावेज उपलब्ध कराने सैचुरेशन शिविर आयोजित करें – कलेक्टर संबित मिश्रा

    ग्रामीणों को दस्तावेज उपलब्ध कराने सैचुरेशन शिविर आयोजित करें – कलेक्टर संबित मिश्रा

    रायगढ़ में सनसनी: पेड़ पर लटके मिले दो युवकों के शव, पुलिस जांच में जुटी

    रायगढ़ में सनसनी: पेड़ पर लटके मिले दो युवकों के शव, पुलिस जांच में जुटी

    सिरमिना के बाबूपारा में कोरबी पुलिस की रेड, अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

    सिरमिना के बाबूपारा में कोरबी पुलिस की रेड, अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

    दर्री होली के दिन टला बड़ा धमाका! गैस एजेंसी तक पहुंची आग, सीएसईबी कोरबा पश्चिम दमकल टीम की तत्परता से बची बड़ी त्रासदी देखें वीडियो

    दर्री होली के दिन टला बड़ा धमाका! गैस एजेंसी तक पहुंची आग, सीएसईबी कोरबा पश्चिम दमकल टीम की तत्परता से बची बड़ी त्रासदी देखें वीडियो

    प्रशासनिक फेरबदल, कई तहसीलदारों का तबादला

    प्रशासनिक फेरबदल, कई तहसीलदारों का तबादला

    होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार

    होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड में संचालक गिरफ्तार