
✍️ भागीरथी यादव
मनेंद्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार, अवैध अफीम की खेती और युवाओं के भविष्य पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में नशीले पदार्थों का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है, लेकिन सरकार इस पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल साबित हो रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में नशीली दवाइयों, प्रतिबंधित गोलियों और अन्य मादक पदार्थों का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। बीते महीनों में नारकोटिक्स के हजारों मामले सामने आए हैं, लेकिन इसके बावजूद सरकार और प्रशासन की कार्रवाई पर्याप्त नहीं दिख रही है। इससे यह संदेह पैदा होता है कि कहीं न कहीं सत्ता के संरक्षण में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।
भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने दुर्ग जिले के समोदा गांव में फार्म हाउस के भीतर लगभग 10 एकड़ में अफीम की अवैध खेती का खुलासा होने को बेहद गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश नशे के कारोबार का अड्डा बनता जा रहा है और इसकी नैतिक जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए।
एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि प्रदेश की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रही है। शराब, गांजा, अफीम और अन्य मादक पदार्थों का नेटवर्क गांव-गांव तक फैल चुका है, लेकिन सरकार इसे रोकने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि जिस भाजपा नेता के यहां अफीम की खेती का मामला सामने आया है, वह पूर्व में भाजपा किसान मोर्चा के दुर्ग जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि उक्त नेता की तस्वीरें भाजपा के कई बड़े नेताओं के साथ सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं। मिश्रा ने यह भी कहा कि उनकी तस्वीर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ भी सामने आई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल सभी लोगों की भूमिका सामने आ सके।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने कहा कि प्रदेश की युवा पीढ़ी को बचाने के लिए सरकार को नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाना चाहिए, लेकिन वर्तमान सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठा पा रही है।
जिला कांग्रेस महामंत्री रफीक मेमन ने कहा कि बिना सत्ता के संरक्षण के प्रदेश में इतने बड़े स्तर पर नशे का कारोबार संभव नहीं है। कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करती है।
आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमोल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।






