
सुशील जायसवाल
कोरबा कोरबी चोटियां तहसील पसान अंतर्गत ग्राम सरसा में आज 14 फरवरी 2026 को दो स्टोन माइन (गौण खनिज) परियोजनाओं के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति संबंधी जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई प्रातः 11 बजे ग्राम पंचायत सरसा परिसर में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा के तत्वावधान में संपन्न हुई।
पहली परियोजना मेसर्स सरस्वती माइनिंग एंड क्रशिंग (प्रो. श्री जयप्रकाश शिवदासानी) की है, जो ग्राम सरसा में खसरा क्रमांक 338/2, 341, 342/2, 343, 344/1, 344/2 एवं 344/3 में प्रस्तावित है। खदान का कुल रकबा 3.016 हेक्टेयर तथा प्रस्तावित उत्पादन क्षमता 1,00,420 टन प्रतिवर्ष निर्धारित की गई है।
दूसरी परियोजना मेसर्स नारायणी उद्योग एंड कंस्ट्रक्शन (प्रो. श्री जयप्रकाश अग्रवाल) की है, जो ग्राम तनेरा में खसरा क्रमांक 79, 80/2, 80/3, 80/4 एवं 81 में प्रस्तावित है। इस खदान का कुल क्षेत्रफल 2.101 हेक्टेयर तथा उत्पादन क्षमता 50,048 टन प्रतिवर्ष रखी गई है।

जनसुनवाई में प्रशासनिक अधिकारियों, संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने धूल प्रदूषण, जल स्रोतों पर संभावित प्रभाव, सड़क सुरक्षा, यातायात दबाव तथा स्थानीय रोजगार को लेकर अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज कराए। अधिकारियों ने बताया कि सभी अभिमतों को संकलित कर नियमानुसार प्रतिवेदन तैयार कर आगे की कार्यवाही हेतु प्रेषित किया जाएगा।
यह जनसुनवाई पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की अधिसूचना 14 सितंबर 2006 के प्रावधानों के तहत आयोजित की गई।







