डूमर कछार: साप्ताहिक समीक्षा बैठक के साथ ‘जनसुनवाई’ का हुआ आगाज, अध्यक्ष डॉ. चौरसिया ने सुनीं जनसमस्याएं

✍️ भागीरथी यादव 

 

राजनगर/एम.सी.बी.: नगर पंचायत डूमर कछार में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से शनिवार को परिषद सभागार में महत्वपूर्ण साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बार बैठक की खास बात यह रही कि प्रशासन को जनता के और करीब लाने के लिए ‘जनसुनवाई’ की भी शुरुआत की गई।

शोक सभा से हुई बैठक की शुरुआत

समीक्षा बैठक प्रारंभ होने से पूर्व मानवीय संवेदनाएं देखने को मिलीं। निकाय कर्मचारी दीपक सिंह की माता के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने 2 मिनट का मौन धारण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

जनसुनवाई: मौके पर सुनी गईं समस्याएं

शासन के निर्देशानुसार कार्यों में तेजी लाने और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए अब हर शनिवार समीक्षा बैठक के साथ जनसुनवाई का भी आयोजन किया जाएगा। शनिवार को सुबह 10:30 से दोपहर 12:30 बजे तक चली इस जनसुनवाई में:

मुन्ना, उषा जायसवाल, पूजा पाव सहित अनेक नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं।

मुख्य अतिथि डॉ. सुनील कुमार चौरसिया (अध्यक्ष एवं जिला योजना समिति सदस्य) ने जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर समस्याओं को सुना और अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

22 बिंदुओं पर हुई गहन समीक्षा

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य अतिथि और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने कुल 22 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। इसमें निकाय के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की सुगमता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर सभापति महेश चौहान, जितेंद्र चौहान, रवि सिंह, रंजीत वर्मा, पार्षद चंदा देवी महरा, बिजेंद्र देवांगन, सरिता यादव, पार्वती सिंह, पार्षद प्रतिनिधि योगेश पालीवाल सहित निकाय के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।