
✍️ भागीरथी यादव
छत्तीसगढ़ में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी जारी है, जिसे देखते हुए कोचिए और बिचौलिए ओडिशा से धान लाकर बेचने की कोशिश कर रहे थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सख्त निर्देश के बाद रायगढ़ प्रशासन ने अवैध धान परिवहन और भंडारण पर शिकंजा कस दिया है।
30 नवंबर और 1 दिसंबर को चलाए गए विशेष अभियान में संयुक्त जांच दलों ने 12 प्रकरणों में 4,447.20 क्विंटल धान जब्त किया है, जिनमें 3 अंतर्राज्यीय मामले भी शामिल हैं। जब्त धान की कीमत 1.37 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
लैलूंगा, पुसौर, घरघोड़ा, धरमजयगढ़ और खरसिया क्षेत्रों में कई गोदामों पर छापेमारी कर बड़े पैमाने पर छिपाया गया धान बरामद किया गया। विभिन्न व्यापारियों और परिवहनकर्ताओं पर मंडी अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
जिले में अब तक 68 मामलों में 12,454 क्विंटल से अधिक धान (मूल्य 3.86 करोड़ रुपये) जप्त किया जा चुका है। 25 चेकपोस्टों पर 24×7 निगरानी और जंगल मार्गों की सीलिंग से तस्करों में हड़कंप मचा है।


प्रशासन की यह सख्ती वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा और खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो रही है।






