
पामगढ़। थाना क्षेत्र में आज सुबह गोली चलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आर्मी से रिटायर्ड हवलदार ने आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना आज सुबह करीब 10 बजे विकास नगर पामगढ़ की है। शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास पहुंचकर गाली–गलौज कर रहा था। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने इसका विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान हिमांशु का भाई गुलशन श्रीवास, जो आर्मी का रिटायर्ड हवलदार है, अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर मौके पर पहुंचा और पंकज कश्यप पर गोली चला दी। गोली पंकज के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घायल पंकज कश्यप को उसके साथियों द्वारा तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गुलशन श्रीवास को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि आरोपी आर्मी सिग्नल कोर का रिटायर्ड हवलदार है और उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी गुलशन श्रीवास के साथ ही उसके भाई हिमांशु श्रीवास को भी सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
