
कोरबा। लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने और युवाओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में गुरुवार, 19 फरवरी 2026 को कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा में ‘इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब’ (ईएलसी) पर आधारित एक प्रभावशाली संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
संगोष्ठी का उद्देश्य जिले के युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें जिम्मेदार मतदाता के रूप में तैयार करना था। इस अवसर पर महाविद्यालय में औपचारिक रूप से ईएलसी क्लब का गठन भी किया गया, जिससे परिसर में चुनावी साक्षरता गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दिया जा सके।
अपने संबोधन में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने ‘इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब’ और एस.आई.आर. की भूमिका स्पष्ट करते हुए बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाला प्रत्येक युवा अपने मतदान केंद्र में नाम पंजीकृत कर लोकतंत्र की मजबूती में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार युवा ही लोकतांत्रिक व्यवस्था की वास्तविक शक्ति हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और सुदृढ़ीकरण में युवाओं की भूमिका को निर्णायक बताया तथा उन्हें सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला संगठक एनएसएस वाय.के. तिवारी ने किया। संगोष्ठी में सहायक प्राध्यापक गोविन्द माधव तिवारी (कार्यक्रम अधिकारी एनएसएस), प्रीति महंत (महाविद्यालय स्वीप प्रभारी), ए.के. सोनी, वेदव्रत उपाध्याय, विशुभा सिंह, विकास पाण्डेय सहित स्वीप कैम्पस एम्बेसडर छात्र देवांश तिवारी एवं मुस्कान राजपूत तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितों ने शपथ लेकर शत-प्रतिशत मतदान एवं मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। संगोष्ठी ने युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की।








