
पुराने विवाद ने लिया जानलेवा मोड़, आरोपी फरार
बिलासपुर। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल शनिचरी बाजार हैप्पी स्ट्रीट रोड पर शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। पुराने विवाद के चलते हुए इस जानलेवा हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
मृतक की पहचान सानू उर्फ अमन खान के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने अचानक युवक पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं प्रत्यक्षदर्शियों से भी गहन पूछताछ जारी है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।








