
जांजगीर-चांपा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। बहन से मोबाइल पर बातचीत करना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। नाबालिग भाई ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
यह घटना राहौद चौकी क्षेत्र के ग्राम धरदेई की है। एसडीओपी यदुमणी सिदार के अनुसार, 11 फरवरी की रात धरदेई स्थित पुरेना तालाब में एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान राहुल चौहान, निवासी दर्रा थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल 11 फरवरी को शिवरीनारायण मेले में शामिल होने आया था। मेला देखने के बाद वह अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई गया था। राहुल का गांव में पहले से आना-जाना था और वह एक युवती से मोबाइल पर बातचीत करता था। इसी बात से युवती का नाबालिग भाई नाराज था और उसने राहुल को कई बार बातचीत बंद करने की चेतावनी दी थी।
जब राहुल ने बात करना बंद नहीं किया तो नाबालिग ने अपने पांच दोस्तों के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। 11 फरवरी की शाम आरोपियों ने राहुल को तालाब के पास बुलाया और वहां उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को पुरेना तालाब में फेंककर फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग आरोपी के अलावा इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड मनीष चौहान, उसके सहयोगी राजवीर आदिले और शाहिल सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।
इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आपसी रिश्तों और संवाद की कमी किस तरह युवाओं को अपराध की राह पर धकेल रही है। मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली और कई परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी।





