
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र से एक अत्यंत दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक 30 वर्षीय व्यक्ति ने अपने ही 6 साल के बेटे की कथित रूप से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले बच्चे को कुएं में फेंका और फिर स्वयं अंदर उतरकर उसे पानी में डुबो दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना ग्राम जामढोंढ़ी भदरापारा, वार्ड क्रमांक 15 की है। आरोपी की पहचान विनोद महेश्वरी (30 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके भाई मनोज महेश्वरी ने बताया कि परिवार में तीन भाई हैं। विनोद अपने दो बेटों (8 वर्ष और 6 वर्ष) के साथ अलग मकान में रह रहा था, जबकि उसकी पत्नी घरेलू विवाद के कारण अलग निवास कर रही थी। परिजनों के मुताबिक, पारिवारिक तनाव के चलते वह मानसिक दबाव में था।
घटना रविवार 8 फरवरी की शाम लगभग 6 बजे की बताई जा रही है। अगले दिन सुबह जब मनोज महेश्वरी घर के पीछे स्थित कुएं के पास टुल्लू पंप चालू करने पहुंचे, तो उन्हें कुएं के भीतर से आवाज सुनाई दी। आरोपी ने ऊपर से मोटर बंद करने को कहा और पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने छोटे बेटे को कुएं में फेंककर उसकी हत्या की है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी व बच्चे को कुएं से बाहर निकाला। बच्चे की मृत्यु की पुष्टि होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
एडिशनल एसपी अनिल सोनी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।








