
✍️ भागीरथी यादव
जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शिवरीनारायण थाना पुलिस ने मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर टीम ने वार्ड क्रमांक 10, भोगहापारा शिवरीनारायण में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी मुकुंद केशवानी (उम्र 29 वर्ष) को मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
नकदी और मोबाइल जब्त
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा गतिविधियों में उपयोग किए जा रहे 13,000 रुपये नगद और करीब 10,000 रुपये कीमत का रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करने की बात स्वीकार की है।
इन धाराओं में मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 एवं 07 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल (IPS) के निर्देशन में की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
