✍️ भागीरथी यादव
जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में बुधवार को एक मासूम की मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। खेलते-खेलते कुएं में नहाने गए चार वर्षीय प्रशांत यादव की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा कुछ ही पलों में खुशियों को मातम में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रशांत अपने हमउम्र बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान सभी बच्चे पास स्थित कुएं की ओर चले गए और नहाने लगे। मासूम प्रशांत को गहराई का अंदाजा नहीं था और वह अचानक गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह डूबने लगा, जिससे अन्य बच्चे घबरा गए और शोर मचाते हुए गांव की ओर दौड़े।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चे को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय प्रशांत के माता-पिता रोज़गार के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
यह हादसा एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और खुले जलस्रोतों की घेराबंदी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।






