
✍️ भागीरथी यादव
दर्री। दर्री थाना में पदभार ग्रहण करते ही टीआई आशीष सिंह ने साफ संकेत दे दिया है कि क्षेत्र में अब कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने गुंडा और बदमाश प्रवृत्ति के लोगों को थाने तलब कर कड़ी चेतावनी दी।
टीआई आशीष सिंह ने दो टूक कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, शांति भंग करने की कोशिश या कानून से खिलवाड़ को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में तत्काल और सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी संदिग्ध तत्वों को स्पष्ट शब्दों में समझाइश दी कि वे अपनी गतिविधियों में सुधार लाएं, अन्यथा पुलिस की कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
पदभार संभालने के पहले ही दिन थाना परिसर में हलचल का माहौल देखने को मिला। कई असामाजिक तत्वों को थाने पहुंचकर हाजिरी देनी पड़ी। कुछ लोगों के देर से पहुंचने पर भी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया, जिससे साफ जाहिर हुआ कि नए टीआई का संदेश गंभीरता से लिया जा रहा है।
टीआई ने यह भी कहा कि अपराध नियंत्रण, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून का पालन करने वालों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी, लेकिन कानून तोड़ने वालों के लिए दर्री थाना अब सख़्त रुख अपनाएगा।
दर्री क्षेत्र में अब स्पष्ट संदेश है—कानून के दायरे में रहकर ही गतिविधियां संचालित करनी होंगी, अन्यथा कार्रवाई तय है।







