
✍️ भागीरथी यादव
कांकेर। झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों की आस्था से खिलवाड़ कर ठगी करने वालों पर कांकेर पुलिस ने करारा प्रहार किया है। एक महिला को उसकी बेटी पर जादू-टोना होने का भय दिखाकर डेढ़ लाख रुपए ऐंठने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
थाना कांकेर क्षेत्र के बाबू साल्हेटोला निवासी पंचमी चक्रधारी (38 वर्ष) ने 12 जनवरी 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक शाबिर खान, जो खुद को सांप पकड़ने वाला और ओझा बताता था, अपने साथी अफसर खान के साथ उसके घर पहुंचा। दोनों ने उसकी बेटी समरिका चक्रधारी पर किसी प्रकार के जादू-टोना का असर होने का दावा किया और झाड़-फूंक व पूजा-पाठ से ठीक करने का भरोसा दिलाया।
आरोपियों ने पहले पूजा सामग्री के नाम पर ₹5,000 लिए। इसके बाद इलाज के बहाने तीन किस्तों में ₹45-45 हजार रुपए वसूल किए और बकरा बली के नाम पर अलग से ₹5,000 लेकर कुल ₹1,50,000 की ठगी कर डाली। काफी समय बीतने के बाद भी जब कोई सुधार नहीं हुआ, तब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत की।
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और 13 जनवरी 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाबिर खान (30 वर्ष), निवासी धरसींवा रायपुर और अफसर खान (25 वर्ष), निवासी धरसींवा रायपुर के रूप में हुई है।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू के निर्देशन में की गई, जिसमें पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास के नाम पर ठगी करने वाले ढोंगी बाबाओं और ओझाओं से सतर्क रहें। किसी भी तरह के जादू-टोना या झाड़-फूंक के झांसे में न आएं और ऐसी गतिविधियों की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।






