बीजापुर – स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम “एक शाम देश के नाम” में एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम की सबसे खास झलक थी कि मुख्यधारा से जुड़े आत्मसमर्पित नक्सलियों की भागीदारी। उन्होंने मंच पर आकर देशभक्ति गीत और लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
स्थानीय बोली में गाए गए गीतों और पारंपरिक नृत्य की लय ने पूरे वातावरण को देशप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया। लोग तालियाँ बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे। इस पहल का उद्देश्य केवल आज़ादी का जश्न मनाना ही नहीं, बल्कि यह भी था कि जो कभी बंदूक उठाने को मजबूर हुए, वे अब शांति और विकास की राह पर कदम बढ़ा रहे हैं।
जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी- कर्मचारी और नागरिक शामिल हुए। मंच पर प्रशासनिक अधिकारियों ने भी गीत गाकर देशभक्ति माहौल बनाया।
इस मौके पर कलेक्टर संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल, डिप्टी कलेक्टर नारायण प्रसाद गवेल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।






