
चिरमिरी। नगर पालिका निगम चिरमिरी में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और शहर को साफ-सुथरा बनाने के उद्देश्य से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत हुई। यह विशेष सफाई अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।
आयुक्त राम प्रसाद अंचला के नेतृत्व में 40 वार्डों में सड़क, नालियाँ, तालाब, पार्क व सार्वजनिक स्थलों की सफाई की जा रही है। निगम सचिव श्याम देशपांडे व स्वच्छता प्रभारी उमेश तिवारी के निर्देशन में कर्मचारियों की टीम गठित कर कार्य प्रारंभ किया गया है।
आयुक्त ने कहा कि चिरमिरी को स्वच्छता के क्षेत्र में आदर्श शहर बनाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कचरा उचित स्थान पर डालें, प्लास्टिक का उपयोग कम करें और अपने आसपास सफाई बनाए रखें।
अभियान 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक जारी रहेगा, जिसमें अधिकारी, कर्मचारी और सफाई कर्मी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। नगर निगम का उद्देश्य सफाई के साथ-साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।






