
मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेला में हुए बहुचर्चित अपहरण व हत्या कांड में पुलिस को बड़ी और निर्णायक सफलता मिली है। जमीन विवाद के चलते युवक का अपहरण कर बेरहमी से हत्या करने वाले 07 फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस जघन्य हत्याकांड में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बैंक परिसर से उठा ले गए युवक, पीट-पीटकर ले ली जान
पुलिस के अनुसार, 26 दिसंबर 2025 को ग्राम बरेला स्थित पंजाब नेशनल बैंक परिसर से राजकुमार धुरी (21 वर्ष) का सरेआम अपहरण किया गया। आरोपियों ने उसे जबरन वाहन में बैठाकर ठकुरीकापा नर्सरी ले जाकर हाथ-मुक्कों और डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण युवक की मौत हो गई।
जमीन विवाद की रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी प्रदीप उर्फ छोटू साहू का मृतक के परिवार से पिछले एक वर्ष से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर राजकुमार धुरी की हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।
एसपी के निर्देशन में बनीं विशेष टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में जरहागांव पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ की।
राज्य से बाहर तक भागे आरोपी, फिर भी पुलिस ने दबोचा
हत्या के बाद आरोपी सबूत छिपाने और पुलिस से बचने के लिए भाठापारा, रायपुर, दुर्ग, नागपुर तक भागते रहे। वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाया गया। बावजूद इसके पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए 30 दिसंबर 2025 को सभी 7 फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त वाहन, डंडा और अन्य सामग्री भी विधिवत जब्त की गई है।
30 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार आरोपी
प्रदीप उर्फ छोटू साहू पिता संतोष (27) – निवासी बरेला
विनीत साहू उर्फ चिन्टु पिता राकेश (20) – निवासी बरेला
रवि निर्मलकर पिता स्व. बिहारी लाल (25) – निवासी बरेला
राजा धुरी पिता लक्ष्मीप्रसाद (25) – निवासी बरेला
प्रदीप धु्रवंशी पिता स्व. पवन (25) – निवासी बरेला
मनीष साहू पिता शिव (22) – निवासी बरेला
योगेश साहू पिता जितेन्द्र (25) – निवासी खपरी, थाना नांदघाट, जिला बेमेतरा
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 194/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और इस हत्याकांड में संरक्षण या सहायता देने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कानून से बचने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
यह कार्रवाई अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है—कानून से ऊपर कोई नहीं।






