
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई। हादसा बरपाली के पास हुआ, जहां अंधेरे और सड़क की खराब व्यवस्था ने एक जान ले ली।
मिली जानकारी के अनुसार, पोड़ी उपरोड़ा निवासी शिक्षक जय पांडेय अपनी वैगनआर कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बरपाली के पास अंधेरा अधिक होने के कारण उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल शिक्षक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें कोरबा रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
