Loksadan। बीजापुर – कलेक्टर संबित मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने गुरुवार को बेदरे क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों, शैक्षणिक संस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का निरीक्षण किया।
सबसे पहले कलेक्टर ने बेदरे में निर्माणाधीन पुल का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने शासकीय बालक आश्रम और कन्या आश्रम का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से पढ़ाई, भोजन और सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को पौष्टिक मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराना अनिवार्य है, ताकि उनके स्वास्थ्य व पोषण में कोई कमी न आए। साथ ही नवीन कन्या आश्रम भवन को जल्द पूरा कराने की बात भी कही।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेदरे का दौरा किया। यहाँ ग्रामीणों ने एम्बुलेंस, चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों की कमी की समस्या रखी। कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी, जिससे लोगों की दिक्कतें कम होंगी।
उसके बाद उन्होंने पोटा केबिन का निरीक्षण किया और साफ- सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बच्चों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ माहौल सुनिश्चित करने के साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों पर भी जोर दिया।

कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुँचाना है, ताकि विकास की रोशनी हर घर तक पहुँच सके।





