एक सप्ताह में मरम्मत नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन – गो.ग.पा.
सुशील जायसवाल

कोरबा – कोरबी चोटिया।बागों बांध (माचा डोली) से गुरसियां तक एनएच-130 मार्ग की हालत बद से बदतर हो गई है। पांच गांवों को जोड़ने वाली इस 11.5 किमी लंबी सड़क पर बड़े-बड़े तालाबनुमा गड्ढे और कीचड़ भर गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश में यह मार्ग और खतरनाक हो जाता है, जिससे हर पल हादसों का खतरा बना रहता है। बीमारों को अस्पताल ले जाना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने कई बार विभाग को शिकायत दी, लेकिन अब तक सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ। सोमवार, 15 सितंबर को जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम मौके पर पहुंचे और सड़क की बदहाली देखकर नाराजगी जताई।
मरकाम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो गो.ग.पा. पार्टी उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। मरकाम ने व्यंग्य करते हुए कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण बागों बांध की मछलियों को तालाबनुमा गड्ढों में छोड़ देंगे।
इस दौरान गो.ग.पा. के पदाधिकारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।






