
सुशील जायसवाल
पोड़ी उपरोड़ा (कोरबा)।
जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में आगामी वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर संकुल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक संकुल केंद्र सिमगा एवं गडरा अंतर्गत आने वाले विद्यालयों के लिए संकुल प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में 10 मार्च 2026 को सम्पन्न हुई।
बैठक में कक्षा 1, 2, 3, 4, 6, 7, 9 एवं 11 की स्थानीय वार्षिक परीक्षाओं तथा कक्षा 5वीं एवं 8वीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षाओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि कक्षा 9वीं और 11वीं की स्थानीय वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च 2026 से प्रारंभ होंगी, जबकि कक्षा 5वीं की केंद्रीकृत परीक्षा 17 मार्च तथा कक्षा 8वीं की परीक्षा 18 मार्च 2026 से प्रारंभ होगी। उन्होंने सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधान पाठकों को परीक्षाओं को शासन के निर्देशानुसार सुचारू और नियमानुसार संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्यार्थियों की सतत शैक्षणिक उन्नति के साथ-साथ विभिन्न विभागीय एजेंडों पर भी समीक्षा की गई। प्राचार्य श्री सिंह ने छात्रवृत्ति भुगतान की स्थिति, अपूर्ण छात्रवृत्ति के कारण, विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र की जानकारी, 13, 16 और 17 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले एमबीवी कैम्प की तैयारियों, तंबाकू मुक्त शाला अभियान तथा शिक्षकों-कर्मचारियों के लंबित न्यायालयीन प्रकरणों की जानकारी पर भी विस्तार से चर्चा की।
इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पालकों के साथ पृथक बैठक आयोजित कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और विद्यालयों के विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधि, सरपंचगण, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष व सदस्य, पालकगण, व्याख्याता, संकुल समन्वयक, प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठक तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।






