
रिपोर्ट: सुशील जायसवाल
कोरबी चोटिया।
चैत नवरात्रि की पावन अष्टमी के अवसर पर पहाड़ा वाली मां मातिन दाई धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ऊंची पहाड़ी पर स्थित इस प्रसिद्ध मंदिर में सुबह से ही महिला, पुरुष, युवतियों और बच्चों की लंबी कतारें माता रानी के दर्शन के लिए लगी रहीं। भक्तों ने श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना कर मनोकामना ज्योति कलश एवं ज्वारा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। झांझ, मंजीरा और मांदर की थाप पर गूंजते जस गीतों ने माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। हर ओर “जय माता दी” के जयकारे गूंजते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र श्रद्धा और उत्साह से भर उठा।
विशाल भंडारा, हजारों ने किया प्रसाद ग्रहण
मंदिर प्रांगण में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवाभावी लोगों द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा में कोई कमी नहीं रखी गई और पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।
कन्या भोज कर लिया आशीर्वाद
अष्टमी के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में नौ कन्याओं को विधि-विधान से भोजन कराकर उनका पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं का आशीर्वाद लेकर इस परंपरा को निभाया, जो नवरात्रि की आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
व्यवस्थाएं रहीं चाक-चौबंद
भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। दर्शन, प्रसाद वितरण एवं पेयजल के लिए टैंकरों के माध्यम से पानी की व्यवस्था की गई। साथ ही सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए, जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
मेले जैसा माहौल, सजी दुकानों की कतार
चैत्र नवरात्रि के साथ ही मंदिर के नीचे मेले जैसा माहौल देखने को मिला। मंदिर समिति द्वारा स्थल आवंटित कर सैकड़ों व्यापारियों ने चुनरी, नारियल, प्रसाद, फल-फूल एवं अन्य पूजन सामग्री की दुकानें सजाईं। साथ ही चौपाटी, जलपान और खानपान की दुकानों पर भी दिनभर रौनक बनी रही।
कुल मिलाकर, अष्टमी के इस पावन दिन मातिन दाई धाम आस्था, भक्ति और उत्साह का केंद्र बना रहा, जहां हर श्रद्धालु माता के चरणों में शीश नवाकर खुद को धन्य महसूस करता नजर आया।
