
✍️ भागीरथी यादव
बलौदाबाजार-भाटापारा,
जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दीपक सोनी ने निर्वाचन कार्य में गंभीर लापरवाही को लेकर कड़ा कदम उठाते हुए तीन शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य में रुचि न लेने, डिजिटाइजेशन की धीमी प्रगति और BLO ऐप के माध्यम से गणना पत्रक की ऑनलाइन प्रविष्टि न करने की वजह से की गई है।
—
🔹 पहला मामला – पलारी विकासखंड
शासकीय प्राथमिक शाला बम्हनी में पदस्थ सहायक शिक्षक (एलबी) प्रितम कुमार ध्रुव पर निर्वाचन नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण-2026 के तहत
गणना पत्रक वितरण,
प्राप्ति के बाद ऑनलाइन प्रविष्टि
जैसे दायित्वों का पालन नहीं करने का आरोप सिद्ध हुआ।
इन पर अनुशासनहीनता पाई जाने के बाद उन्हें तत्काल निलंबित कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पलारी कार्यालय में अटैच किया गया है।
—
🔹 दूसरा मामला – भाटापारा विकासखंड
निर्वाचन कार्य में उदासीनता और आदेशों की अवहेलना पर दो और शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है—
1. अजय प्रकाश बंजारे, शिक्षक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, भाटापारा
2. द्रोपति ध्रुव, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला, निपनिया
अधिकारियों ने पाया कि दोनों ने एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही बरती। यह कृत्य लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 13 ख (2),
छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3,
तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के विपरीत पाया गया।
दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, भाटापारा कार्यालय में नियत किया गया है।
—
🔹 निलंबन अवधि में लाभ
नियम के अनुसार निलंबन अवधि में तीनों शिक्षक जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने के पात्र होंगे।
—
🔹 प्रशासन का संदेश
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को कठोरता से लिया जाएगा। यह कार्रवाई आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित सुनिश्चित करने की दिशा में एक सख्त और आवश्यक कदम माना जा रहा है।






