
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में ट्रेलर वाहन को रोककर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रेलर चालक से मोबाइल, नकदी और बिल्टी पेपर लूट लिए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 6 मार्च 2026 को थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी दिन तड़के करीब 3:10 बजे टोयोटा शो-रूम के पास एक टाटा पंच कार में सवार दो युवकों ने ट्रेलर वाहन को रुकवाया। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए वाहन के कागजात (बिल्टी) दिखाने को कहा।
जब चालक कागजात नहीं दिखा पाया तो आरोपियों ने उससे नकदी, मोबाइल फोन और ट्रेलर का बिल्टी पेपर छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चकरभाठा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम यशराज यादव (22 वर्ष) निवासी जांजगीर हाल निवासी अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर और सुमित दुबे (27 वर्ष) निवासी सरसीवा जिला सारंगढ़ हाल निवासी अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विवो कंपनी का मोबाइल, नकदी, ट्रेलर का बिल्टी पेपर और घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की टाटा पंच कार जब्त कर ली है। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 26 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया है।








