
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में लोगों को चाकू दिखाकर भयभीत करने वाले दो युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो धारदार लोहे के चाकू जब्त किए हैं। वहीं क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को महाराणा प्रताप चौक, तालापारा के पास दो युवक राहगीरों को धारदार लोहे का चाकू दिखाकर डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो नग लोहे के धारदार चाकू बरामद किए गए।
पुलिस ने इस मामले में शेरा मिरी (33 वर्ष), पिता झुराराम निवासी मिनीबस्ती जरहाभाठा तथा अभिषेक दिवाकर (24 वर्ष), पिता होरीलाल निवासी मिनीबस्ती जरहाभाठा के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
इसके अलावा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अमन बघेल (23 वर्ष), पिता बाबूराम तथा मुकेश पुरी गोस्वामी (24 वर्ष), पिता लक्ष्मण पुरी, दोनों निवासी मिनीबस्ती जरहाभाठा, थाना सिविल लाइन के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






