
सुशील जायसवाल
पोड़ी उपरोड़ा (बागो): कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130) पर ग्राम बंजारी में पिछले तीन महीनों से खड़ी एक लावारिस गैस सिलेंडर वाहन बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रही है। हैरानी की बात यह है कि व्यस्ततम मार्ग और रिहायशी इलाका होने के बावजूद बेखौफ चोरों ने ईंटों के सहारे गाड़ी को खड़ा कर उसके चार कीमती टायर और बैटरी पार कर दिए हैं।
तीन माह से मालिक लापता, चोरों की मौज
जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक MP 13 GA 7131 तीन महीने पहले तकनीकी खराबी के कारण अमित जायसवाल के घर के सामने खड़ा किया गया था। तब से चालक फरार है। स्थानीय निवासी अमित जायसवाल ने बताया कि उन्होंने वाहन पर लिखे नंबरों के जरिए मालिक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। नतीजा यह है कि अब धीरे-धीरे चोर गाड़ी के कीमती कलपुर्जे गायब कर रहे हैं।
पुलिस पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
हाइवे जैसे व्यस्त मार्ग पर, जहाँ पुलिस पेट्रोलिंग का दावा किया जाता है, वहाँ चोरों ने बड़े इत्मीनान से टायर और बैटरी चोरी कर ली। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की गश्त केवल कागजों तक सीमित है, जिसके कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है।
दुर्घटना का हॉटस्पॉट बना स्थल
जहाँ यह सिलेंडर वाहन खड़ा है, वहीं पास में:
स्कूल और पेट्रोल पंप: बच्चों और लोगों की लगातार आवाजाही बनी रहती है।
ब्लाइंड स्पॉट: पेट्रोल पंप से मुख्य मार्ग पर आने वाले वाहन चालकों को सामने से आने वाली गाड़ियां दिखाई नहीं देतीं।
सकरी सड़क: लावारिस खड़े वाहन के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे कभी भी बड़ी भिड़ंत हो सकती है।
प्रशासन की चुप्पी चिंताजनक
लाखों के माल की चोरी और संभावित सड़क हादसे के बावजूद एनएच कंपनी (NHAI) और स्थानीय पुलिस ने अब तक सुध नहीं ली है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस वाहन को तत्काल मार्ग से हटाया जाए और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए, वरना किसी भी दिन यहाँ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।






