युवा कांग्रेस के नेतृत्व में बालको में उग्र विरोध, जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा, 09 अप्रैल। बालको क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं को लेकर गुरुवार को माहौल गरमा गया। जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी एवं विभिन्न प्रकोष्ठों ने भारत एल्यूमिनियम कंपनी (बालको) के नगर प्रशासन कार्यालय के सामने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस आंदोलन में ठेला-गुमटी संचालकों, छोटे व्यापारियों और उनके परिवारों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने वेदांता लिमिटेड द्वारा संचालित बालको प्रबंधन पर जनहित की अनदेखी और मनमानी का आरोप लगाते हुए तीखा विरोध जताया। मंच से नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि बालको प्रबंधन की नीतियों से कर्मचारी, मजदूर, व्यापारी और आमजन सभी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठेला-गुमटी संचालकों के साथ किसी प्रकार की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पीसीसी सचिव विकास सिंह ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि यह केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि आम जनता के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि बालको क्षेत्र की समस्याएं अब गंभीर रूप ले चुकी हैं और यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज ने आरोप लगाया कि नियमों को दरकिनार कर आम लोगों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है।

ग्रामीण अध्यक्ष विकास सिंह ने इसे जनआवाज बताते हुए कहा कि अब इसे अनसुना नहीं किया जा सकता।

 

प्रमुख मांगें और आरोप ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण बिंदु उठाए गए हैं—

ध्यानचंद चौक से रिसदी चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण एवं पुल-पुलिया की व्यवस्था

भारी वाहनों के कारण खराब सड़कों की मरम्मत और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

कथित रूप से अवैध कब्जे में ली गई सड़कों को मुक्त कर आम जनता के लिए बहाल करने की मांग

स्थानीय युवाओं को बालको परियोजना में प्राथमिकता के आधार पर रोजगार

संविदा श्रमिकों के साथ हो रहे उत्पीड़न पर रोक और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना

फ्लाई ऐश परिवहन से हो रहे प्रदूषण पर नियंत्रण और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था

नालों और हसदेव नदी में हो रहे प्रदूषण पर रोक लगाने की मांग

अवैध कटाई पर रोक और पर्यावरण संरक्षण के ठोस उपाय

जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था दुरुस्त करने और बंद मार्गों को खोलने की मांग

धूल और प्रदूषण से राहत हेतु सड़कों का नियमित रखरखाव

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान जरूरी है। इस प्रदर्शन के बाद बालको क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है, अब सभी की नजर प्रबंधन और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।