
✍️ भागीरथी यादव
बलरामपुर जिले में सेंदुर नदी के किनारे रेत के नीचे दबा एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह मामला बलरामपुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। गुरुवार शाम कुछ ग्रामीण नदी की ओर गए थे, तभी उनकी नजर रेत में दबे शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव को जानबूझकर रेत में दबाकर छिपाया गया था, जिससे हत्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी भापेंद्र साहू ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।






