
सुशील जायसवाल
कोरबी–चोटिया, 18 फरवरी। होली से पहले धान खरीदी की अंतर राशि किसानों के खातों में एकमुश्त जमा होने के मद्देनज़र कोरबा जिले में बैंक से नकदी निकालने वालों को निशाना बनाने की आशंका बढ़ गई है। इसी को देखते हुए कोरबी पुलिस ने “सजग कोरबा” अभियान के तहत व्यापक जागरूकता पहल शुरू की है।
बुधवार को कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और बैंक अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए। बैठक में ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक सुमित एक्का को निर्देशित किया गया कि बैंक परिसर में मास्क या हेलमेट पहनकर आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की सख्ती से जांच की जाए। साथ ही बैंक में नियमित सुरक्षा गार्ड की तैनाती और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी गई।
चौकी प्रभारी जोगी ने बताया कि हर वर्ष बैंक से रकम निकालकर गांव लौटते समय ग्रामीण उठाईगिरी और लूट का शिकार होते हैं, जिनमें प्रायः नट गिरोह की संलिप्तता सामने आती है। इस बार पुलिस पहले से सतर्क है और ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिस ने छत्तीसगढ़ी भाषा में चेतावनी पोस्टर प्रकाशित कर बैंक, वित्तीय संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा किए हैं। कोटवारों के माध्यम से गांव-गांव मुनादी कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि गांव में संदिग्ध गतिविधि या पशुओं को अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाने में सहयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सुरेश जायसवाल, राकेश जायसवाल, मुरारी लाल जायसवाल (उपसरपंच), जनपद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश केराम, पत्रकार सुशील जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि बैंक से बड़ी रकम निकालते समय अकेले न जाएं, अज्ञात व्यक्तियों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।






