गोदरीपारा में गहराया जल संकट, पार्षदों ने कलेक्टर से त्वरित हस्तक्षेप की मांग

✍️ भागीरथी यादव

 

 

एमसीबी। नगरपालिक निगम चिरमिरी अंतर्गत गोदरीपारा क्षेत्र में पेयजल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। वार्ड क्रमांक 26, 27, 30, 31, 32, 33 एवं 34 में रहने वाले लगभग 10 हजार से अधिक लोगों को लंबे समय से पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

क्षेत्र के पार्षदों ने इस गंभीर समस्या को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि संबंधित वार्डों में न तो नगर निगम और न ही एसईसीएल द्वारा कोई ओवरहेड टैंक की व्यवस्था की गई है, जिसके कारण स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को दैनिक उपयोग के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। मजबूरी में क्षेत्रवासी डिब्बों में पानी संग्रह कर रहे हैं और टैंकरों के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं।

पार्षदों ने यह भी बताया कि नगर निगम द्वारा गोदरीपारा क्षेत्र के लिए पेयजल पाइपलाइन का कार्य पूर्व में ही पूर्ण किया जा चुका है। महापौर एवं निगम अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण भी किया जा चुका है, लेकिन एक व्यक्ति विशेष के विरोध के चलते अब तक जलापूर्ति प्रारंभ नहीं हो पाई है।

पार्षदों ने कलेक्टर से मांग की है कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए उक्त पाइपलाइन को बड़ा बाजार स्थित पानी टंकी से जोड़कर शीघ्र जलापूर्ति शुरू कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता एवं पार्षद मिलकर धरना-प्रदर्शन करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर आमरण अनशन भी किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।