बोईदा आंगनबाड़ी में ‘वजन त्यौहार’ की शुरुआत, पोषण सुधार की दिशा में सशक्त पहल

ज्ञान शंकर तिवारी

 

 

कोरबा। ग्राम बोईदा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 में बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से ‘वजन त्यौहार’ कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम सरपंच संजय राज के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम का माहौल उस समय और भी उत्साहपूर्ण हो गया, जब नन्हे बच्चों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान सरपंच संजय राज ने आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पंजीकृत बच्चों की संख्या, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं की स्थिति, टीकाकरण की प्रगति तथा कुपोषण की वर्तमान स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि बच्चों का नियमित वजन मापन सुनिश्चित किया जाए तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें समयबद्ध पोषण आहार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पारदर्शिता के साथ पहुँचाने पर बल दिया।

‘वजन त्यौहार’ के अंतर्गत बच्चों का वजन मापकर उनकी पोषण स्थिति का आकलन किया गया और माताओं को संतुलित आहार, स्वच्छता एवं टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरस्वती श्रीवास, सविता पंथ, नंद पटेल, मितानिन, सहायिका एवं ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी रही।

इस पहल का उद्देश्य बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी कर कुपोषण मुक्त ग्राम की दिशा में ठोस कदम उठाना है। ग्राम स्तर पर सामुदायिक सहभागिता के साथ आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।