
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुआ में जादू-टोना के शक में एक महिला की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतका के पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान गोईदी बाई (48 वर्ष) के रूप में हुई है। 6 मार्च को मृतका के भाई सहलू राम ने थाना सन्ना में बहन के घर में मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी थी। जांच के दौरान पुलिस को हत्या के संकेत मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गुप्तांग में कठोर वस्तु से गंभीर चोट लगने के कारण मौत होना पाया गया।
जांच में सामने आया कि 5 मार्च को घर में विवाद के बाद मृतका के पति ठूपन राम, सौतन फुला बाई, सुनील राम और सुरन्ती बाई ने मिलकर जादू-टोना के शक में उसे झोपड़ी में ले जाकर हमला किया। आरोपियों ने लकड़ी का डंडा गुप्तांग में डाल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में शव को घर लाकर बिस्तर पर रख दिया गया।
पुलिस ने मामले में ठूपन राम, फुला बाई, सुनील राम और सुरन्ती बाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।





